बिरधा-बालवेहट। ग्राम पंचायत बालवेहट के पंचायत भवन में राष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस मनाया गया। सोसाइटी फॉर प्रगति भारत संस्था की ओर से विचार गोष्ठी हुई। इसके बाद महिलाओं ने कैंडल मार्च निकालकर लोगों को कम उम्र में शादी न करने के लिए जागरूक किया।
थाना बालाबेहट के उपनिरीक्षक शिवनाथ सिंह ने कहा कि कम उम्र में शादी से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। इससे स्वास्थ्य खराब होता है और मानसिक तनाव बढ़ता है। परिवार को आर्थिक संकट का सामना भी करना पड़ सकता है। संस्था के सौरव कुमार ने सही उम्र में शादी के फायदे बताए। उन्होंने सामूहिक कन्या विवाह योजना और श्रम विभाग में पंजीयन कराने पर श्रमिक दंपती को मिलने वाली सहायता राशि की जानकारी दी। आरोह फाउंडेशन के सहायक वित्तीय सलाहकार बिंद्रावन ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और सुकन्या योजना के बारे में बताया। उन्होंने बैंक खाते की गोपनीय जानकारी साझा न करने की सलाह दी।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान दौलत राम साहू, चंद्रभान, कांस्टेबल सुरेश और कांस्टेबल अभिषेक झा सहित कई लोग मौजूद रहे।
