Mainpuri News: परिषदीय स्कूलों में प्रमोशन के लिए चल रही काउंसलिंग के दौरान छूटे शिक्षक-शिक्षिकाओं को काउंसलिंग का एक और मौका मिलेगा। एक दिसंबर को छूटे शिक्षक-शिक्षिकाओं को काउंसलिंग के लिए डायट में फिर से बुलाया गया है। कुल 477 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने पूर्व में हुई काउंसलिंग में भाग नहीं लिया था। इन्हें काउंसलिंग के लिए एक और मौका दिया जा रहा है। सरकार ने परिषदीय स्कूलों में प्रमोशन की प्रक्रिया शुरू कर रखी है। इसी प्रक्रिया के तहत पूर्व में प्रमोशन के लिए दो दिवसीय काउंसलिंग कराई गई थी। इस काउंसलिंग में 20079 शिक्षक-शिक्षिकाओं को बुलाया गया था। इसमें से 477 शिक्षक-शिक्षिकाएं ऐसे निकले जो काउंसलिंग में भाग लेने नहीं पहुंच पाए।

इनको फिर से काउंसलिंग कराने के लिए मौका दिया गया है। उनकी काउंसलिंग डायट में एक दिसंबर को सुबह 10 बजे से होगी। इसके लिए डायट में तीन टेबल लगाई गई है। वहां तीन खंड शिक्षा अधिकारियों की देखरेख में काउंसलिंग कराई जाएगी।बीएसए सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि 400 ऐसे शिक्षकों की प्रमोशन के लिए काउंसलिंग होगी जो जूनियर में सहायक अध्यापक या प्राइमरी में प्रधानाध्यपक के पद पर हैं। उन्हें प्रमोशन के बाद उच्च प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक बनाया जाएगा। इसके अलावा 77 ऐसे शिक्षक-शिक्षिकाएं हैं जो प्राथमिक पाठशाला में सहायक अध्यापक हैं। उन्हें या तो प्रमोशन के बाद प्राथमिक पाठशाला में प्रधानाध्यापक बनाया जाएगा या फिर जूनियर प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद पर प्रमोशन किया जाएगा। उन्होंने छूटे शिक्षक-शिक्षिकाओं से कहा है कि वह निर्धारित तिथि पर अपने अभिलेखों की जांच करा लें। ताकि उन्हें प्रमोशन की प्रक्रिया में भाग लेने का मौका मिल सके। जो लोग ऐसा नहीं करेंगे उन्हें प्रमोशन की प्रक्रिया से वंचित कर दिया जाएगा।



Source link