जागरण संवाददाता, कानपुर देहात। गजनेर में 14 वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे दो आरोपितों को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपित के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को मौके से पकड़ लिया गया। आरोपितों के कब्जे सेतमंचा, दो कारतूस, एक खोखा कारतूस और 660 रुपये बरामद हुए।
एक गांव की किशोरी की मां ने गजनेर थाने में तहरीर देकर 14 वर्षीय पुत्री से सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दो आरोपितों पर दर्ज कराया था। किशोरी गर्भवती हो गई थी। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। बुधवार तड़के गांव के बाहर दोनों आरोपितों ने पुलिस टीम को देखते ही भागने का प्रयास किया और तमंचे से फायर कर दिया।
