कानपुर देहात के मंगलपुर थानाक्षेत्र के दत्तपुर गांव में एक महिला की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट भेज दिया है। महिला पर ई-रिक्शा चढ़ाने का आरोप है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी और बाद में उसकी मौत हो गई।
.
मृतका के पति बाबू सिंह ने पुलिस को शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि 10 अगस्त को उनके पड़ोसी राजेंद्र शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहे थे। जब उनकी पत्नी इंद्रानी देवी ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी, तो राजेंद्र वहां से भाग गया। इस घटना के बाद राजेंद्र और उसके परिवार में बाबू सिंह के परिवार के प्रति दुश्मनी बढ़ गई थी।
बाबू सिंह का आरोप है कि 11 अगस्त की सुबह करीब 6 बजे जब उनकी पत्नी इंद्रानी देवी कूड़ा डालने जा रही थीं, तभी राजेंद्र ने पीछे से ई-रिक्शा से टक्कर मारकर उन्हें गिरा दिया। इसके बाद राजेंद्र ने दो-तीन बार ई-रिक्शा को आगे-पीछे करके उनकी पत्नी के ऊपर चढ़ा दिया।
इस हमले में इंद्रानी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें पहले झींझक सीएचसी ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालत में सुधार न होने पर उन्हें हैलट कानपुर रेफर किया गया। परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल भी ले गए, लेकिन लाभ न मिलने पर दोबारा हैलट ले गए। 16 अगस्त को उनकी पत्नी की मृत्यु हो गई।
बाबू सिंह ने आशंका जताई है कि इस पूरी घटना में देव कुमार और कन्हैयालाल की भी साजिश हो सकती है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। मंगलपुर पुलिस ने आरोपी राजेंद्र पुत्र सोनेलाल को झींझक कस्बा के क्रय विक्रय के पास से गिरफ्तार कर लिया।
इंस्पेक्टर मंगलपुर प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि आरोपी राजेंद्र को गिरफ्तार कर कानूनी कार्यवाही पूरी करने के बाद आज कोर्ट भेज दिया गया है।
