जालौन। कस्बे के बाहर जालौन-औरैया मार्ग किनारे स्थित तीन मंजिला भवन में शनिवार सुबह ऊपरी मंजिल में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई।
आग ने दूसरी मंजिल पर संचालित ओयो होटल और तलघर में बने मटर गोदाम को भी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और धुआं उठता देख आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। दमकल टीम ने करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया। घटना में होटल का फर्नीचर, बिजली के उपकरण और गोदाम में रखा पिपरमिंट का तेल जल गया।
जानकारी के अनुसार, जालौन-औरैया मार्ग पर स्थित तीन मंजिला भवन के तलघर में मटर व्यापारी भगवान सिंह पहलवानबाड़ा का गोदाम है। दूसरी मंजिल पर रापटगंज निवासी नयोत्तम कुशवाहा और औरैया निवासी सोहिल की ओर से एसके इन ओयो होटल संचालित किया जा रहा है। तीसरी मंजिल पर ठहरने के लिए कमरे बने हुए हैं।
शनिवार सुबह अचानक भवन में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग दूसरी मंजिल पर स्थित होटल तक पहुंच गई और फिर नीचे तलघर में बने गोदाम में फैल गई।
आग लगने से होटल में रखे लकड़ी के तख्त, कुर्सियां, चारपाई, इन्वर्टर, बैटरी, गैस सिलिंडर और खाद्य सामग्री जल गई। वहीं गोदाम में केन में रखा करीब 45 लीटर पिपरमिंट का तेल भी आग की चपेट में आ गया। आग की लपटें देखकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। लोगों ने तत्काल दमकल विभाग और कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
इसके बाद सीएफओ अरविंद कुमार सिंह के नेतृत्व में दमकल टीम मौके पर पहुंची। टीम में मुकुट यादव, राजेश कुमार तिवारी, प्रिंस यादव, सुरेश कुमार यादव, दीपेंद्र कुमार और संतोष कुमार शामिल रहे। दमकलकर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस दौरान कोतवाली प्रभारी हरिशंकर चंद्र भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझने तक स्थिति पर नजर बनाए रखी। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
