जागरण संवाददाता, बलिया। चितबड़ागांव क्षेत्र के ग्राम पंचायत धर्मापुर नवकापुरा रेलवे क्रासिंग के पास गत शनिवार रात 8:30 बजे के करीब सारनाथ एक्सप्रेस ट्रेन के आगे कूदकर उप निरीक्षक संदीप कुमार ने जान दे दी थी। पुलिस के मुताबिक एक महिला द्वारा शादी के लिए दबाव और ब्लैकमेल से परेशान होकर उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया।
जांच के बाद सिकंदरपुर क्षेत्र की महिला को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में पता चला कि उप निरीक्षक दवाव में आकर उसे पैसा भी देते थे। यही नहीं, इस महिला ने दो साल पहले भी सिकंदरपुर में तैनात एक अन्य कांस्टेबल विमलेश पर दुष्कर्म का आरोप लगाकर जेल भेजवा चुकी है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शादीशुदा होने और एक बेटा होने के बावजूद महिला का क्षेत्र में कई लोगों से संपर्क है और वह उनसे पैसे ऐंठती रही है। पुलिस अधीक्षक इराज राजा ने बताया कि मुकदमा दर्ज करने के साथ अभी पूछताछ की जा रही है।
संत कबीर नगर के धनघटा क्षेत्र के बरांव निवासी संदीप कुमार प्रजापति वर्ष 2023 में एसआइ का पदभार ग्रहण किया था। उनकी पत्नी रागिनी अपने आठ माह के बच्चे साथ बलिया पहुंची है। साथ में माता कलावती देवी भी हैं।
बड़े भाई अनुप प्रजापति व दो बड़ी बहन ममता व अनीता के बाद संदीप थे। इनके पिता रामहर्ष प्रजापति की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। संदीप की शादी वर्ष 2024 में ही हुई थी। वह पिछले माह ही बलिया से अपने घर गए थे जहां मकान बनवाने के लिए काम भी लगाया था।
ऐसे घटी घटना, मौके पर मिली बुलेट मोटरसाइकिल
एसपी ने बताया कि शनिवार रात पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ने रेलवे ट्रैक पर आत्महत्या कर ली है। यह सूचना अगले रेलवे स्टेशन पर एक लोको पायलट की ओर से दर्ज कराई गई एमआरओ रिपोर्ट के माध्यम से मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। वहां एक बुलेट मोटरसाइकिल खड़ी मिली।
पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद मृतक की पहचान संदीप कुमार प्रजापति के रूप में की। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में संदीप का सिकंदरपुर क्षेत्र की रहने वाली एक महिला के साथ प्रेम संबंध का मामला सामने आया। इसके बाद जब गहराई से जांच की गई तो पता चला कि महिला लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनसे पैसे ऐंठती है।
