http://www.a2znewsup.com

पर्वत सिंह बादल (ब्यूरो चीफ जालौन)✍️
उरई (जालौन)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी समीर लगातार विभिन्न मतदेय स्थलों का भ्रमण कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को उन्होंने कालपी क्षेत्र के विभिन्न बूथों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने उच्च प्राथमिक विद्यालय कालपी स्थित बूथ संख्या 329 से 334 तथा कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय सदर बाजार कालपी स्थित बूथ संख्या 296, 297 एवं 298 सहित अन्य मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, नामों में संशोधन तथा प्राप्त आवेदनों के निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली।

उन्होंने निर्देश दिए कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को पूरी तत्परता, गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं, महिलाओं तथा अन्य पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने बीएलओ को अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में घर-घर संपर्क कर पात्र लोगों को जागरूक करने तथा प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में प्रत्येक मतदाता की भागीदारी महत्वपूर्ण है। इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दर्ज होने से छूटने न पाए।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी कालपी विनय कुमार मौर्य सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

पर्वत सिंह बादल (ब्यूरो चीफ जालौन) ✍️

www.a2znewsup.com

By Parvat Singh Badal (Bureau Chief Jalaun)✍️

खबर वहीं जों सत्य हो✍️