कानपुर नगर निगम में अवैध टैक्स वसूली और ठेकों में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सख्ती के बाद हड़कंप मच गया है। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने ठेकेदारों से टैक्स वसूली करने वाले कथित सिंडीकेट और नगर निगम के ठेकों में हुई गड़बड़
.
नगर आयुक्त ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद मानकों की अनदेखी कर ठेके देने और टैक्स वसूली में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

CM ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में लगाई थी फटकार
बताया गया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान मंडलायुक्त और नगर आयुक्त को नगर निगम की कार्यप्रणाली को लेकर फटकार लगाई थी। मुख्यमंत्री ने कथित तौर पर कहा था कि कानपुर नगर निगम में किसी विशेष व्यक्ति के नाम पर टैक्स चल रहा है।
उन्होंने नगर निगम के ठेकों में कथित माफियागिरी पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद मंडलायुक्त विजयेन्द्र पांडियन और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय सक्रिय हो गए हैं।
करोड़ों के टेंडर की फाइलें खंगाली जा रहीं
नगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम के ठेकों में हुई गड़बड़ियों की जांच के लिए कमेटी गठित की गई है। प्रारंभिक जांच में कई फर्मों को मानकों की अनदेखी कर ठेके दिए जाने से जुड़े साक्ष्य मिलने की बात सामने आई है।
जांच टीम करोड़ों रुपए के टेंडरों से जुड़ी फाइलों की पड़ताल कर रही है। रिपोर्ट तैयार होने के बाद नियमों का उल्लंघन करने वाली फर्मों को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।
टैक्स वसूली करने वालों की भी बनेगी रिपोर्ट
नगर निगम में ठेकेदारों से टैक्स वसूली करने वाले लोगों को लेकर भी अलग रिपोर्ट तैयार की जा रही है। यह रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। नगर आयुक्त ने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा न हो, इसके लिए व्यवस्था में जरूरी बदलाव भी किए जाएंगे।
बारिश के बाद सड़कों की होगी स्थायी मरम्मत
शहर में गड्ढों और खराब सड़कों को लेकर नगर आयुक्त ने कहा कि बारिश के दौरान सड़कों की स्थायी मरम्मत कराना मुश्किल है। फिलहाल लोगों की परेशानी कम करने के लिए गड्ढों में पैचवर्क कराया जा रहा है।
बारिश खत्म होने के बाद हॉट मिक्स प्लांट से सड़कों की स्थायी मरम्मत कराई जाएगी। PWD, नगर निगम और जल निगम के साथ समन्वय कर सड़कों की साप्ताहिक मॉनिटरिंग भी की जा रही है।
अधिकारी के अनुसार, जिस सड़क का स्वामित्व जिस विभाग के पास है, उसी विभाग के माध्यम से उसकी मरम्मत कराई जा रही है। कई स्थानों पर अस्थायी रूप से गड्ढे भरवाए गए हैं, लेकिन बारिश के कारण पैचवर्क जल्द खराब हो जाता है। इसलिए फिलहाल अस्थायी उपाय किए जा रहे हैं और बारिश के बाद स्थायी समाधान पर काम किया जाएगा।
