उरई। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) अभियान के तहत शनिवार को आयोजित विशेष कैंप में लापरवाही बरतने वाले 14 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की गई है।

अधिकारियों के निरीक्षण में मिली कमियों के आधार पर संबंधित बीएलओ पर कार्रवाई के लिए लिखा गया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्य चल रहा है।

इसके तहत शनिवार को विभिन्न बूथों पर विशेष कैंप लगाए गए थे। कैंप के दौरान नए मतदाताओं के नाम सूची में शामिल करने, अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने और मतदाता सूची में संशोधन के लिए आवेदन प्राप्त किए गए।

कैंप में मतदाता पंजीकरण कार्यों की हकीकत जानने के लिए अधिकारियों ने विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ बूथों पर बीएलओ निर्धारित समय से देर से पहुंचे। वहीं कुछ बूथों पर फॉर्म भरवाने की प्रगति बेहद कम मिली। अधिकारियों ने इसे कार्य में लापरवाही मानते हुए संबंधित बीएलओ के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की है।

जिला उप निर्वाचन अधिकारी राजीव राज ने बताया कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 14 बीएलओ के विरुद्ध कार्रवाई की संस्तुति की गई है।



Source link