Dog show in Kanpur: Over 200 dogs from 43 breeds participated

कानपुर में डॉग शो का आयोजन
– फोटो : अमर उजाला

विस्तार

छह लाख रुपये में खरीदा गया बिशोन फ्रिजे प्रजाति का कुत्ता कैरेट गाजर का शौकीन है। वहीं 15 लाख रुपये की पोमेरेनियन नस्ल की सासा के लिए यूरोप से खाना मंगाया जाता है। कुछ इसी तरह के 43 प्रजातियों के 200 से अधिक कुत्तों ने मोतीझील मैदान में शनिवार को आयोजित डॉग शो में लोगों का ध्यान खींचा। कार्यक्रम में शेर जैसी कद-काठी वाले तिब्बती मास्टिफ मिर्जा और महज आठ इंच के चिहुआहुआ बिंगो ने भी लोगों को आकर्षित किया।


कानपुर केनल वेलफेयर एसोसिएशन और नगर निगम की ओर से आयोजित इस शो का शुभारंभ महापौर प्रमिला पांडेय ने किया। कुत्तों की खूबसूरती, कद-काठी, चाल और हुनर देखने के लिए यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। रानीघाट निवासी प्रज्ज्वल सिंह ने बताया कि उन्होंने एक साल पहले बिशोन फ्रिजे प्रजाति का कुत्ता खरीदा था। भूमध्यसागरीय क्षेत्र के कैनरी द्वीप समूह को इस नस्ल का मूल स्थान माना जाता है। उनका कुत्ता शाकाहारी भोजन पसंद करता है और गाजर उसका पसंदीदा आहार है। इसी वजह से उसका नाम कैरेट रखा गया है।

इसी तरह नोएडा निवासी रियल एस्टेट कारोबारी और डॉग लवर आलोक नंदा अपनी यूक्रेनी मूल की रिश्तेदार आल्गा के साथ पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि उनके पास 45 कुत्ते हैं, जो एक कोठी में रहते हैं। शो में वह 2.5 साल की पोमेरेनियन नस्ल की सासा को लेकर आए थे। पिछले साल इसे 15 लाख रुपये में खरीदा था। इसके खानपान के लिए यूरोप से डॉग फूड मंगवाना पड़ता है।



Source link