Kanpur: Man accused in ₹5,600 crore cyber fraud arrested while working as a manual laborer

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी आरिफ
– फोटो : अमर उजाला

विस्तार

5600 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के आरोपी गम्मू खां हाता निवासी मोहम्मद आरिफ को पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। वह पिता के साथ चकरपुर मंडी में पल्लेदारी करते धरा गया। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि कक्षा चार पास आरिफ ने तीन फर्जी फर्में भी खोली हैं जिनके तीन बैंक खातों में डेढ़ साल के भीतर 49 करोड़ रुपये से अधिक का अवैध लेनदेन प्रकाश में आया है। इसके साथ ही एसबीआई से सवा करोड़ रुपये का लोन भी कराया था।




सीपी ने बताया कि 12 सितंबर को साइबर क्राइम टीम ने 5600 करोड़ रुपये की ठगी से जुड़े गिरोह का खुलासा करते हुए बेकनगंज के तलाक महल निवासी सरगना शाहजेब वारिस व चमनगंज निवासी सलमान को गिरफ्तार किया था जबकि गिरोह के साथी इखलाख व आमिर को पुलिस ने नोटिस देकर छोड़ दिया था। आरोपियों ने देश भर के करीब दो हजार लोगों से 5600 करोड़ रुपये की साइबर ठगी की थी। मामले में मो. आरिफ, एहतेशाम हुसैन, शाहवेज इलाही, मो. मुजम्मिल, मो. अनस, अर्सलान, आमिर समेत 10 से अधिक लोगों के नाम सामने आए थे। हाल ही में जीएसटी की ओर से उन्हें कुछ फर्मों की सूची मिली है जिन पर प्राथमिकी होनी है। उनमें पकड़े गए आरिफ की भी तीन फर्में शामिल हैं। इन फर्मोंं के खिलाफ एनसीआरपी पोर्टल पर भी चार शिकायतें दर्ज हैं।



Source link