आगरा के थाना एकता पुलिस ने गणपति वर्ल्ड सोसाइटी स्थित एक फ्लैट में हुई चोरी के मामले में सोमवार को कर्नल ब्राइटलैंड स्कूल के पास से आरोपी कारपेंटर अरविन्द कुमार पुत्र गोधन सिंह (निवासी नगला रामबल, खंदौली) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सोसाइटी में ही फर्नीचर का काम करने वाले अरविन्द ने फ्लैट सूना देख ताला तोड़कर चोरी की थी।
एकता थाना प्रभारी के मुताबिक, 20 सितंबर को हुई इस चोरी में करीब चार लाख रुपये नगद और जेवरात गायब हुए थे, जिसकी प्राथमिकी 21 सितंबर को दर्ज की गई थी। सीसीटीवी फुटेज व मुखबिर की सूचना पर पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने सोने की नाक की बाली व ब्रेसलेट, चांदी के छह सिक्के व एक ब्रेसलेट, मोबाइल, क्रेडिट व डेबिट कार्ड, पैन कार्ड, ₹230 नगद और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है।
चोरी किए गए ₹2.90 लाख आरोपी ने अपने बैंक खाते में जमा कर दिए थे, जिसे पुलिस सीज कराने की कार्रवाई कर रही है। डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर एकता पुलिस ने 21 सितंबर को प्राथमिकी दर्ज की थी सोमवार को अभियुक्त को गिरफ्तार कर माल बरामद कर जेल भेजा गया।
