कासगंज शहर के बारह पत्थर मैदान में मंगलवार को प्रदर्शन करने और पुलिस से धक्का-मुक्की करने के आरोप में राजू चौहान और उसके 40-50 अज्ञात साथियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। इन पर बिना अनुमति भीड़ इकट्ठा करने और सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप है।

.

कासगंज थाने की आवास विकास चौकी इंचार्ज रवि वर्मा ने FIR में बताया कि उनकी ड्यूटी अन्य पुलिस बल के साथ बारहपत्थर मैदान के गेट नंबर 1 पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात थी। राजू चौहान पुत्र धर्मसिंह, निवासी हथौड़ावन, थाना पटियाली, कासगंज, बिना किसी अनुमति के गैरकानूनी तरीके से भीड़ इकट्ठा कर आरक्षण के खिलाफ प्रदर्शन कर रहा था।

जब पुलिसकर्मियों ने शांतिपूर्ण तरीके से बात करने की कोशिश की, तो राजू चौहान ने उकसाने वाले नारे लगाने शुरू कर दिए। उसने अपने करीब 40-50 साथियों के साथ मिलकर पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की की।प्रदर्शनकारियों ने सरकारी काम में बाधा डाली और बैरियर तोड़ दिए। वे बारहपत्थर मैदान के गेट से बाहर निकल गए, जिससे बैरियर टूट गए। सभी लोग अपने वाहनों से नारे लगाते हुए सोरों की तरफ चले गए।

इस घटना से आम लोगों को परेशानी हुई और सड़क पर जाम लग गया। धक्का-मुक्की में कांस्टेबल दीपक खोखर और कांस्टेबल शैलेंद्र चौधरी को चोटें आई हैं। उप निरीक्षक रवि वर्मा ने तहरीर देकर संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कराई है।



Source link