-तीन दिन बाद ट्रेन की चपेट में आए युवक के शव की हुई पहचान
संवाद न्यूज एजेंसी
दिबियापुर। उत्तर मध्य रेलवे के फफूंद-पाता स्टेशन के बीच 25 नवंबर को ट्रेन की चपेट में आकर मृत मिले अज्ञात युवक की तीन दिन बाद शिनाख्त हो गई है। परिजन ने चिचौली स्थित पोस्टमार्टम हाउस की मोर्चरी पहुंचकर शव की पहचान 30 वर्षीय नितेश कुमार के रूप में की। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजन को सौंप दिया।
थाना फफूंद क्षेत्र के गांव मुड़ैना रामदत्त निवासी अनोध कुमार दोहरे ने पुलिस को बताया कि उनका छोटा भाई नितेश कुमार (30) 25 नवंबर की दोपहर बिना बताए घर से चला गया था। परिजन ने रिश्तेदार और आसपास के इलाकों में काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका था। इसी बीच ग्रामीणों और मीडिया के जरिए परिजन को जानकारी मिली कि 25 नवंबर को गपकापुर के पास एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया है और उसका शव चिचौली मोर्चरी में रखा गया है। सूचना मिलते ही अनोध कुमार परिवार के सदस्यों के साथ पोस्टमार्टमहाउस पहुंचे। शव की पहचान अपने भाई नितेश कुमार के रूप में की।
मृतक के ताऊ के बेटे अशोक कुमार ने बताया कि नितेश दो भाइयों में छोटा था और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी शादी करीब तीन साल पहले हुई थी और उसकी एक साल की बेटी है। घटना वाले दिन पत्नी से विवाद होने के बाद घर से निकल गया था। थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि पहचान होने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। बाद में शव को परिजन के सुपुर्द कर दिया गया।
