बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. साइबर अपराधियों ने खुद को एटीएस का अधिकारी बताकर एक मशहूर डॉक्टर को पूरी रात वीडियो कॉल पर डिजिटल अरेस्ट रखा. ठगों ने डॉक्टर पर आतंकवादी संगठन के खाते में डेढ़ करोड़ रुपये ट्रांसफर करने का आरोप लगाकर उन्हें और उनके परिवार को डराया-धमकाया. पूरी रात परिवार तनाव और दहशत में रहा. सुबह शक होने पर डॉक्टर ने पुलिस को इसकी जानकारी दी. आखिर डिजिटल अरेस्ट क्या है और इस तरह की साइबर ठगी से आम लोग कैसे बच सकते हैं.
बरेली में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर साइबर अपराधियों द्वारा लोगों को डराने और ठगी करने का मामला एक बार फिर चर्चा में है. जानकारी के मुताबिक, साइबर ठगों ने एक मशहूर डॉक्टर से संपर्क कर खुद को एटीएस अधिकारी बताया. इसके बाद वीडियो कॉल के जरिए उन्हें पूरी रात डिजिटल अरेस्ट रखकर आरोप लगाया कि उनके बैंक खाते का इस्तेमाल एक आतंकवादी संगठन को डेढ़ करोड़ रुपये भेजने के लिए किया गया है. गंभीर आरोप लगाकर डॉक्टर को इस कदर डराया गया कि वह और उनका परिवार पूरी रात मानसिक तनाव में रहा. हालांकि, सुबह संदेह होने पर डॉक्टर ने पुलिस को सूचना दी.
मानसिक दबाव बनाकर ऐंठते हैं पैसे
इस तरह के मामलों को लेकर फौजदारी अधिवक्ता अक्षय शर्मा ने आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. उनका कहना है कि डिजिटल अरेस्ट के नाम पर साइबर अपराधी पुलिस, एटीएस, सीबीआई या अन्य जांच एजेंसियों के अधिकारी बनकर लोगों को झूठे मुकदमों में फंसाने का डर दिखाते हैं. उनका मकसद लोगों पर मानसिक दबाव बनाकर उनसे पैसे ऐंठना होता है.
डर के कारण ना करें पैसे ट्रांसफर
अक्षय शर्मा के मुताबिक, किसी भी अनजान व्यक्ति को ओटीपी साझा न करें और डर के कारण किसी के खाते में पैसे ट्रांसफर न करें. ऐसी कॉल आने पर घबराने के बजाय परिवार और परिचितों को इसकी जानकारी दें. साइबर ठगी की आशंका होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें. जरूरत पड़ने पर नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत भी दर्ज कराएं. उन्होंने यह भी कहा कि डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराने वाले ऐसे मामलों को रोकने के लिए सरकार को सख्त कदम उठाने और कानूनी व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत है.
