ओरछी। कस्बे में एक्सपायर नमकीन से तेल और खल निकालने के कारोबार को लेकर प्रशासन ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। छापेमारी के दौरान पांच गोदाम सील करने के बाद अब एसडीएम ने सराफत अली, आरिफ अली, अमीर और रियाज के साथ ही शाहबाद के सिरौली निवासी वाहिद से दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा है। अभिलेखों की जांच और कारोबार से जुड़े तथ्यों का सत्यापन होने के बाद ही सील दुकानों और गोदामों को खोलने के संबंध में निर्णय लिया जाएगा।

डीएम अवनीश राय के निर्देश पर हुई कार्रवाई के दौरान सामने आया था कि क्षेत्र में एक्सपायर नमकीन खरीदकर उसे पेरने के बाद तेल और खल निकालने का काम किया जा रहा है। इसके लिए अलग-अलग स्थानों पर गोदाम और दुकानें संचालित होने की जानकारी मिली थी। छापेमारी के दौरान पांच गोदामों को सील कर दिया गया था। अब प्रशासन इनसे जुड़े कारोबारियों के दस्तावेजों की जांच कर रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कारोबार किस स्तर पर और किन लोगों के माध्यम से संचालित हो रहा था।

इसके अलावा करीब 10 अन्य दुकानें भी इस कारोबार से जुड़ी बताई जा रही हैं। कार्रवाई के दौरान इनके संचालक दुकानें बंद कर मौके से चले गए थे। ये दुकानें अब भी बंद हैं। प्रशासन की नजर अब इन कारोबारियों पर भी है। अधिकारियों की ओर से अभिलेख मांगे जाने के बाद कारोबारियों में हलचल है।

एक क्विंटल नमकीन से निकलता है 20 से 30 किलो तेल

कारोबार का गणित भी काफी दिलचस्प है। एक व्यापारी ने बताया कि एक्सपायर नमकीन को 15 से 35 रुपये प्रति किलो के भाव से खरीदा जाता है। इसके बाद मशीनों में पेरकर तेल निकाला जाता है। एक क्विंटल नमकीन से करीब 20 से 30 किलो तेल निकलता है। इस तेल को नोएडा की एक कंपनी को 60 से 65 रुपये प्रति किलो के भाव से बेचे जाने की बात सामने आई है। तेल निकालने के बाद बची हुई खल भी बेची जाती है।

2022 में भी हुई थी छापेमारी, नमूने लेकर जांच को भेजे गए थे

ओरछी में एक्सपायर नमकीन से तेल निकालने के मामले की शिकायत पहली बार नहीं हुई है। अक्तूबर 2022 में बिसौली में तैनात तत्कालीन एसडीएम ज्योति शर्मा ने भी इस कारोबार को लेकर छापेमारी की थी। उस समय नमकीन के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए थे। हालांकि, इसके बाद मामला आगे नहीं बढ़ सका और कुछ समय बाद शांत हो गया था। अब करीब चार साल बाद प्रशासन ने दोबारा इस कारोबार पर कार्रवाई की है।

–

संबंधित व्यक्तियों से अभिलेख मांगे गए हैं। उनकी जांच के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। -प्रियंका गोयल, एसडीएम बिसौली

बदायूं के ओरछी में दुकान में रखा तेल। संवाद

बदायूं के ओरछी में दुकान में रखा तेल। संवाद

बदायूं के ओरछी में दुकान में रखा तेल। संवाद

बदायूं के ओरछी में दुकान में रखा तेल। संवाद



Source link

अभी अभी की खबरें