मंडलायुक्त सभागार में सोमवार को ताज ट्रेपेजियम जोन (टीटीजेड) प्राधिकरण की 69वीं बैठक हुई। केंद्रीय अधिकार प्राप्त समिति (सीईसी) के सदस्य अंजन कुमार मोहंती और राष्ट्रीय पर्यावरण अभियांत्रिकी अनुसंधान संस्थान (नीरी) के मुख्य वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. एसके गोयल की मौजूदगी में आयोजित बैठक में आगरा में सात और मथुरा में तीन औद्योगिक इकाइयों की स्थापना को मंजूरी दी गई।

मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप की अध्यक्षता में हुई बैठक में अन्य आवेदनों की भी जांच की गई ताकि औद्याेगिक इकाइयों को भी मंजूरी दी जा सके। इस निर्णय से पूरे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों और निवेश को प्रोत्साहन मिलने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

बैठक में सबसे पहले पिछली बैठक के कार्यवृत्त की पुष्टि की गई और हो चुके निर्णयों के अनुपालन की मंडलायुक्त ने समीक्षा की। कहा कि जिन निर्णयों की अनुपालन आख्या अब तक प्राप्त नहीं हुई है, उन्हें जल्द उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने नगर निगम, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों द्वारा किए जा रहे ठोस कूड़ा प्रबंधन, क्षेत्र के जनपदों की परिवेशीय वायु गुणवत्ता तथा वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों की स्थापना की समीक्षा की।

वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। कहा कि क्षेत्र में उद्योगों के अतिरिक्त जिन अन्य कारणों से अत्यधिक वायु प्रदूषण हो रहा है, उन पर नियंत्रण के लिए जरूरी कार्रवाई की जाए। बैठक में डीएम मनीष कुमार बंसल, एडीए उपाध्यक्ष विजय कुमार, प्रदूषण विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी विश्वनाथ शर्मा, प्राधिकरण के सदस्य उमेश शर्मा व विजय गुप्ता मौजूद रहे।

हाथरस में स्थापित होगा वायु गुणवत्ता केंद्र

मंडलायुक्त ने बैठक के दौरान हाथरस में एक माह के अंदर वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्र स्थापित करने का निर्देश दिया। जोर दिया कि गुणवत्ता की निगरानी होने से ही प्रदूषण नियंत्रण और गुणवत्ता में सुधार किया जा सकता है।

 



Source link