Police Personnel Accused of Encroaching on ₹50 Crore Government Land in Agra

आगरा पुलिस, पुलिस आयुक्त, agra police, police commissioner
– फोटो : संवाद

विस्तार

सरकारी जमीन पर थाने-चौकी बनाने का आरोप झेल चुकी पुलिस पर अब भूमि कब्जा कर मकान बनाने का आरोप लगा है। एत्माद्दौला थाने के पास करोड़ों रुपये की करीब 10 हजार वर्गमीटर जमीन पर तीन पुलिसकर्मियों ने कब्जा कर बहुमंजिला भवन बना डाले। उनकी देखादेखी में अन्य लोगों ने भी जमीन पर कब्जा जमाना शुरू कर दिया। शिकायत के बाद की गई राजस्व विभाग की जांच में इसका खुलासा हुआ है।


मामला रामबाग चौराहे से एत्माद्दौला थाने की ओर जाने वाली सड़क का है। राजस्व विभाग के दस्तावेज के अनुसार, सड़क के किनारे मौजा चक हफ्तम (तहसील सदर) के खसरा संख्या 392 पर दर्ज 0.965 हेक्टेयर (लगभग 9,650 वर्गमीटर) जमीन सरकारी है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 50 करोड़ रुपये है। आरोप है कि पुलिसकर्मी भारती सिंह और महेश चंद्र यादव ने भूमि पर मकान बना लिए।

वहीं, पुलिसकर्मी प्रमोद गौतम भी निर्माण करा रहे हैं। शिकायत के बाद प्रशासनिक अमला सक्रिय हुआ लेकिन पुलिस अधिकारी खामोश हैं। एसडीएम सदर ने 24 अक्तूबर को राजस्वकर्मियों की टीम गठित कर जांच के लिए मौके पर भेजा। जांच में आरोप सही मिले तो क्षेत्रीय लेखपाल और नजूल मुहर्रिर ने एत्माद्दौला थाने में भूमि कब्जाने वालों के खिलाफ तहरीर भी दी लेकिन प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। कार्रवाई न होने से बची हुई सरकारी जमीन पर अन्य लोग अवैध कब्जा करने में जुटे हैं।

डीसीपी सिटी रवींद्र कुमार का कहना है कि प्रकरण की जानकारी नहीं है। अगर पुलिसकर्मियों ने सरकारी जमीन पर कब्जा किया है तो उसे खाली कराया जाएगा। संबंधित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। 

एसडीएम सदर सचिन राजपूत ने बताया कि क्षेत्रीय लेखपाल से मिली रिपोर्ट के आधार पर पुलिस से कार्रवाई के लिए संपर्क किया गया लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। आगे जो भी निर्देश मिलेंगे, उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। 

 



Source link