गाजियाबादः उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में अब नमो भारत ट्रेन के बाद शहर के अंदर पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सेवा को बेहतर बनाने की लगातार कोशिश की जा रही है. इसी कड़ी में कोलकाता की ही तरह अब गाजियाबाद में भी ई-ट्राम चलाने की प्लानिंग की जा रही है और इसके लिए विदेशी कंपनी हेस एसी और भारतीय संस्था आईआईडीआरआई ने गाजियाबाद विकास प्राधिकरण को एक प्रस्ताव भी दे दिया है. इस प्रस्ताव में गाजियाबाद के 8 मुख्य सड़कों पर इसका नेटवर्ट बिछेगा, जो करीब 24 किलोमीटर लंबा होगा.

गाजियाबाद में बहुत जल्द दौड़ेगी ई-ट्राम. एआई इमेज

कुल 28 स्टेशन होंगे
प्राप्त जानकारी के मुताबिक ई-ट्राम परियोजना को चार अलग-अलग रूटों पर चलाने की प्लानिंग है. बताया जा रहा है कि इसमें कुल 28 स्टेशनों का निर्माण होगा और पहले फेज में केवल 16.06 किलोमीटर का नेटवर्क शुरू होगा. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद करीब डेढ़ साल में पहले फेज के नेटवर्क का संचालन शुरू हो सकता है. जबकि पूरा नेटवर्क करीब 24 महीने में तैयार हो जाएगा. इस प्रोजेक्ट पर करीब 920 करोड़ रुपये खर्च होंगे.

ई ट्राम के लिए नहीं बिछानी होगी रेलवे की पटरी
इस प्रोजेक्ट की खास बात यह है कि इसके लिए न तो पटरियां बिछानी होंगी और न ही सड़कों के ऊपर बिजली के तार लगाने पड़ेंगे. ई-ट्राम के लिए सड़क किनारे बनी 5.5 मीटर चौड़ी सर्विस रोड या सड़क के एक हिस्से को अलग लेन के तौर पर इस्तेमाल किया जाएगा. इसके अलावा इस लेन पर दूसरे वाहनों की आवाजाही नहीं होगी.

ई-ट्राम प्रोजेक्ट की खासियत
कुल रूट- शहर की 8 प्रमुख सड़कों पर 24.06 किलोमीटर का नेटवर्क
चार लाइनें- ईस्टर्न रिंग, सेंट्रल, क्रॉस-टाउन और वेस्टर्न स्पर
स्टेशन- पूरे नेटवर्क पर कुल 28 स्टेशन बनेंगे.
कुल लागत- करीब 920 करोड़ रुपये खर्च होंगे.
अधिकतम रफ्तार- ई-ट्राम 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकेगी.
संचालन का समय- सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक
ट्राम की संख्या- कुल 22 ट्राम रखी जाएंगी, जिनमें से 20 चलेंगी और 2 रिजर्व रहेंगी.
यात्रियों की क्षमता- एक ट्राम में करीब 240 लोग सफर कर सकेंगे.

20 सेकंड में चार्ज होगी बैटरी
बताया यह भी जा रहा है कि यह बैटरी से चलेगी. ई-ट्राम को चलाने के लिए खास बैटरी चार्जिंग व्यवस्था बनाई जाएगी. सफर के दौरान कुछ चुनिंदा स्टेशनों पर केवल 20 सेकंड में फ्लैश चार्ज हो सकेगी. वहीं लास्ट स्टेशन पर करीब 6 मिनट रुकने के दौरान इसकी बैटरी पूरी तरह चार्ज हो जाएगी.

विज्ञापन

भारत में कहां-कहां चलती है ट्राम
बता दें कि कोलकाता भारत में ट्राम सर्विस का ऐतिहासिक केंद्र रहा है. यहां ट्राम का संचालन 1873 में शुरू हुआ और वक्त के साथ यह शहर की पब्लिक ट्रांसपोर्ट सर्विस का अहम हिस्सा बन गया. कोलकाता के अलावा मुंबई, दिल्ली, चेन्नई, कानपुर में ट्राम चलती थी. लेकिन वक्त के साथ यहां बंद हो गई.

कोलकाता की ट्राम से कितनी अलग होगी गाजियाबाद की ई ट्राम
बता दें कि कोलकाता की ट्राम रेलवे की तरह निर्धारित पटरियों पर चलती है. जबकि गाजियाबाद की प्रस्तावित ई-ट्राम बिना पटरी के सड़क पर चलेगी. वहीं यात्रियों की क्षमता की तुलना करें तो कोलकाता की ट्राम में एक साथ 200 लोग यात्रा कर सकते हैं. जबकि गाजियाबाद की आधुनिक ई-ट्राम में एक साथ 240 लोग सवारी कर सकेंगे. वहीं निर्माण को लेकर इसकी तुलना करें तो कोलकाता की ट्राम के लिए ट्रैक और बिजली स्ट्रक्चर की जरूरत है. वहीं गाजियाबाद की ई-ट्राम के लिए सड़क पर बस अलग लेन की जरूरत होगी और चार्जिंग व्यवस्था करनी पड़ेगी.



Source link