गाजियाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव में रास्ते के विवाद से परेशान एक व्यक्ति ने मंगलवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान रविंद्र सिंह (60) के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि रास्ते को लेकर उनका अपने भाई दिनेश, दीप
.
मृतक के बेटे आशीष का आरोप है कि उनके पिता ने सिकंदरपुर चौकी पर पांच से छह बार शिकायत की थी। इसके बाद टीला मोड़ थाने में भी करीब पांच बार शिकायत दी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय उनके पिता को धमकाकर वहां से भगा दिया। इसके बाद उनके पिता दो बार लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री के जनता दरबार में भी शिकायत लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि वहां शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ।
आशीष के मुताबिक, उनके पिता पढ़े-लिखे नहीं थे और रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। आरोप है कि मुख्यमंत्री के जनता दरबार में की गई शिकायत का निस्तारण दिखाने के लिए पुलिसकर्मी ने उनके पिता के मोबाइल पर आया ओटीपी खुद लेकर शिकायत बंद करा दी थी।
परिजनों का कहना है कि रविंद्र सिंह के पास से मिले सुसाइड नोट में चार लोगों के नाम लिखे हैं। उन्होंने इन लोगों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए कार्रवाई की मांग की है। सूचना पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने सुसाइड नोट को अपने कब्जे में ले लिया है।
मृतक के बेटे ने पुलिस अधिकारियों से आरोपियों की गिरफ्तारी, विवादित रास्ते से कब्जा हटवाने और अवैध कब्जे पर बुलडोजर कार्रवाई करने की मांग की है।
टीला मोड़ थाना इंचार्ज प्रभु दयाल ने बताया कि रवींद्र के पुत्र आशीष की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा लिखा जा रहा है, शिकायत के आधार पर जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
