गाजियाबाद के ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक युवक की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। पुलिस इसे सड़क हादसा बता रही है, जबकि परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं।
.
पुलिस के मुताबिक, 5 सितंबर 2026 को दोपहर 3:19 बजे पीआरवी को सूचना मिली थी। इसमें बताया गया कि कार नंबर DL2CBD 0817 मारुति स्विफ्ट अनियंत्रित होकर गेट नंबर 2 से भगत सिंह चौक की ओर जाते समय पहले डिवाइडर और फिर पेड़ से टकरा गई। इस घटना में 26 वर्षीय मनीष कुशवाहा पुत्र जगराम की मौत हो गई, जबकि कार में सवार दूसरे युवक को कोई चोट नहीं आई।
मृतक मनीष कुशवाहा मंगल बाजार, पूजा कॉलोनी का रहने वाला था। हादसे के बाद पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कार में सवार दूसरे व्यक्ति की पहचान 34 वर्षीय राकेश राय पुत्र राम दयाल के रूप में हुई है, जो राम पार्क का निवासी है।
मृतक के छोटे भाई विकास ने बताया कि सुबह 8-9 बजे लल्ला नाम का एक युवक मनीष को घूमने के बहाने बुलाकर ले गया था। दोपहर करीब 3 बजे एक अनजान नंबर से फोन आया कि भगत सिंह चौक पर उसके भाई का एक्सीडेंट हो गया है।
विकास का कहना है कि जब वह मौके पर पहुंचा, तो क्षतिग्रस्त कार खड़ी मिली। मनीष खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था और उसकी गर्दन कटी हुई थी।
मनीष के बड़े भाई राजा का आरोप है कि सामान्य सड़क हादसे में इस तरह गर्दन नहीं कट सकती। उन्होंने इसे हत्या बताया है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। मृतक मनीष की शादी तीन साल पहले हुई थी। उसके परिवार में गर्भवती पत्नी पूजा और डेढ़ साल का बेटा अभिनव है। मनीष की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
प्रभारी निरीक्षक कुलदीप कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है, रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
