एक महीने में कई वारदात से परेशान विभाग, जेई ने पुलिस से जंगल में गश्त बढ़ाने की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा। थाना क्षेत्र में बिजली की लाइनों से तार चोरी करने वाले गिरोह की सक्रियता से ऊर्जा निगम के अधिकारी परेशान हैं। बीते एक महीने में चोर कई बार बिजली के तार चोरी कर विभाग को लाखों रुपये का नुकसान पहुंचा चुके हैं। ताजा मामला सलाहपुर गांव के जंगल का है, जहां बदमाशों ने बिजली के चार खंभों से तार चोरी कर लिए। जेई ने अज्ञात के खिलाफ रोहटा थाने में तहरीर दी है।
भोला झाल बिजलीघर के जेई सुनील कुमार के अनुसार, सलाहपुर गांव के जंगल में पेट्रोल पंप के पास बिजली के खंभों से तार चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं। बृहस्पतिवार देर रात भी चोरों ने बिजली के चार खंभों से तार काटकर चोरी कर लिए। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर विभागीय अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। जेई ने बताया कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ऊर्जा निगम को लाखों रुपये की आर्थिक क्षति हो चुकी है। उन्होंने पुलिस से चोरों के खिलाफ कार्रवाई करने और सुनसान जंगल वाले क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने की मांग की। उनका कहना है कि लगातार घटनाओं के बावजूद चोरी की वारदात पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। सीओ ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
