गाजियाबाद में लव मैरिज के 6 महीने बाद महिला की मौत हो गई। भाई का आरोप है कि दहेज में स्कॉर्पियो न देने पर पति ने बहन को मारा-पीटा और फिर दूसरी मंजिल से धकेल दिया। अस्पताल में 4 दिन इलाज के बाद शुक्रवार को उसकी मौत हो गई।
.
महिला की मौत का पता चलते ही पति, सास-ससुर और दोनों ननद फरार हो गए। पुलिस ने पांचों के खिलाफ FIR दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। शनिवार दोपहर घटना का वीडियो भी सामने आया। इसमें महिला रात के वक्त अचानक छत से गिरती दिख रही है। आसपास के लोग उसे अस्पताल ले जाते नजर आ रहे हैं। मामला मुरादनगर थाना क्षेत्र का है। मृतका का नाम आकृति सिंह है। उसका पति गौरव (25) नोएडा की एक फैक्ट्री में काम करता है।
महिला के छत से गिरने की 2 तस्वीरें…

सीन-1: घर की दूसरी मंजिल से महिला सड़क पर गिरती हुई दिखाई दी।

सीन-2: महिला के छत से गिरने के बाद आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और उसे अस्पताल भिजवाया।
अब विस्तार से पढ़िए पूरा मामला…
आरोपी गौरव का मुरादनगर में 3 मंजिला मकान है। वह माता-पिता और दो बहनों के साथ रहता है। भंगेल निवासी आकृति के भाई प्रभात ने बताया- 20 फरवरी को मेरी बहन की शादी गौरव से तय हुई थी। उस समय गौरव ने दहेज में 30 लाख रुपए नकद और स्कॉर्पियो की मांग की थी।
हमारी इतनी दहेज देने की हैसियत नहीं थी, इसलिए हमने मना कर दिया। इस मामले में मुरादनगर थाने में दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हुआ था। इसके बाद शादी टूट गई, लेकिन गौरव और आकृति की फोन पर बात होती रही।

तस्वीर आकृति की है। भाई का आरोप है कि पति ने बहन को छत से धकेला।
भाई बोला- बहन ने परिवार के मर्जी के खिलाफ शादी की थी
भाई ने बताया- 2 महीने बाद दोनों ने परिवार की मर्जी के खिलाफ मंदिर में शादी कर ली। इसके बाद गौरव आकृति को अपने घर ले आया। शुरुआत में परिवार वाले नाराज थे, लेकिन बाद में मान गए।
कुछ दिनों तक दोनों के बीच सब ठीक रहा। इसके बाद गौरव ने फिर आकृति से स्कॉर्पियो की मांग शुरू कर दी। वह उससे अपने घरवालों से स्कॉर्पियो दिलाने को कहता था। आकृति के मना करने पर उसके साथ मारपीट करता था।
भाई बोला- बहन ने फोन पर कहा, ये सभी लोग मुझे मार रहे
प्रभात ने बताया- 7 सितंबर को आकृति ने मुझे फोन किया और कहा कि ये सभी लोग मुझे मार रहे हैं। इसके कुछ देर बाद गौरव ने फोन कर बताया कि आकृति छत से नीचे गिर गई है। उसने जल्द गाजियाबाद के अस्पताल पहुंचने को कहा। हम अस्पताल पहुंचे तो आकृति गंभीर हालत में थी। 4 दिन इलाज के बाद 11 सितंबर की रात उसकी मौत हो गई।

6 महीने पहले आकृति ने परिवार वालों की मर्जी के खिलाफ मंदिर में गौरव से शादी की थी।
पति समेत 5 के खिलाफ केस
आकृति की मौत के बाद परिवार ने मुरादनगर थाने में पति गौरव, ससुर रमेश, सास सरोज और ननद सोनी व नेहा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
DCP देहात सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया- महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी पुलिस जांच कर रही है। तहरीर के आधार पर ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
——-
ये भी पढ़ें-
मेरठ में इकलौते बेटे की लाश देखकर पिता बेहोश: 4 महीने पहले हुई थी शादी, सड़क पर शव रखकर बैठे परिजन, राज्यमंत्री मनाने पहुंचे

मेरठ में दिनदहाड़े इकलौते बेटे की हत्या के बाद परिजन धरने पर बैठ गए हैं। पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक हत्यारोपियों का एनकाउंटर नहीं होता, वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। हस्तिनापुर थाने से 200 मीटर दूर शुक्रवार को दो बाइकों पर आए 6 हमलावरों ने दिनदहाड़े नितिन (22) की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पढ़िए पूरी खबर…
