फतेहपुर। बकेवर थाना क्षेत्र के दिलावलपुर गांव में रामजीवन वर्मा (42) की हत्या का खुलासा हत्याराेपी के फोन से हुआ है। रामजीवन की हत्या करने वाले आरोपी और रामजीवन का फोन एक ही कंपनी के थे। वारदात के दौरान आरोपी का फोन मौके पर ही गिर गया जो रामजीवन के परिजन को मिला। आरोपी की पत्नी के फोन करने पर हत्यारोपी की पहचान हो गई। उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार कर उसे जेल भेजा है।
बता दें कि दिलावलपुर निवासी रामजीवन वर्मा का शव 13 नवंबर की सुबह उसके ही बाग किनारे खंती में पड़ा मिला था। उसके भाई महेश कुमार की सूचना पर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया था। सिर में छह चोट से मौत की पुष्टि हुई थी। घटनास्थल पर साइकिल नहर पटरी की ढलान पर मिली थी। रामजीवन नशेड़ी किस्म का था। इससे पुलिस ने माना कि पटरी की ऊंचाई से गिरने से चोट लगी होगी। पुलिस को घटनास्थल से एक काले रंग का कीपैड फोन मिला था। रामजीवन के मामा रामकुमार भांजे का मोबाइल होने का दावा कर फोन पुलिस से ले गए थे। पुलिस 11 संदिग्धों के मोबाइल नंबर व अन्य गतिविधियों पर जांच कर रही थी।
इधर, 23 नवंबर को रामजीवन के मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल रामकुमार ने उठाई। दूसरी ओर बकेवर थाने के पधारा निवासी रविशंकर उर्फ रवि सविता की पत्नी सुमन थी। रामकुमार के पूछने पर महिला ने अपने पति रवि का मोबाइल गुम होना बताया। रामकुमार ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने रवि की पत्नी से पूछताछ चालू की। पूछताछ में पता लगा कि महिला अपने पति का मोबाइल खोज रही थी। पति ने उसे खोने और रिचार्ज खत्म होना बताया।
इस पर पत्नी ने मोबाइल में रिचार्ज कराया और कॉल की। मोबाइल मृतक रामजीवन का नहीं होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने पधारा चौराहे से रवि को शुक्रवार शाम हिरासत में लिया। उसने रामजीवन की हत्या करने की बात कही। रामजीवन के बाग से करीब 50 मीटर पहले डामर रोड के किनारे झाड़ियों से हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल खून व बाल लगी ईंट, नहर किनारे झाड़ियों से रामजीवन के मोबाइल फोन के विभिन्न पार्ट्स बरामद किए हैं।
एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि 12 नवंबर की शाम रविशंकर अपने खेत पर धान की फसल कटवाने गया था। उसके बगल में रामजीवन के खेत हैं। रामजीवन नशे में था। उसने रविशंकर को गाली-गलौज की और अपना धान भी कटवाने के लिए कहा। ऐसा न करने पर उसे भी खेत से धान न लेकर जाने की धमकी दी। इसी पर दोनों के बीच विवाद हुआ। रामजीवन के डंडा दिखाने पर दोनों के बीच मारपीट होने लगी। आरोपी भी नशे में था। उसने पास में पड़ी ईंट उठाकर रामजीवन के सिर पर तीन वार किए, उसका सिर फट गया। गंभीर चोट लगने से मौत हो गई।
हत्या के बाद दुर्घटना का रूप देने के लिए आरोपी ने आसपास की झाड़ियों को अस्त-व्यस्त कर दिया। साइकिल को नहर पटरी की ढलान पर रखकर गिरने से मौत दर्शाने का प्रयास किया। ईंट को झाड़ियों में छिपाई। जल्दबाजी में भागते समय अपने जैसा काले रंग का कीपैड मोबाइल फोन रामजीवन का उठा ले गया। जबकि मौके पर ही उसका मोबाइल गिर गया था। कुछ देर बाद उसे पता लगा कि मोबाइल रामजीवन का है तो तोड़कर फेंका था। एसपी ने बताया कि आरोपी को कोर्ट के आदेश पर शनिवार को जेल भेजा गया है। ईंट से मिले बाल से रामजीवन के डीएनए से मिलान कराया जाएगा।
………………….
पुलिस चोटों से अंदाजा नहीं लगा सकी
रामजीवन की हत्या में पुलिस की हीलाहवाली भी सामने आई है। पोस्टमार्टम में छह चोट के निशान होने के बाद भी पुलिस हत्या का अंदाजा नहीं लगा सकी। माना ये भी जा रहा है कि पुलिस ने घटना को छिपाने का प्रयास किया होगा।
