गाजीपुरः कभी स्कूल की सुबह की असेंबली में छोटा-सा थॉट बोलने से झिझकने या सीखने वाली अरम्या अब सीधे राष्ट्रीय मंच पर चमक चुकी हैं. उन्होंने IIT बॉम्बे में आयोजित नेशनल स्पीच एंड डिबेट कंपटीशन 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया नौवीं रैंक हासिल की है. वहीं पूरे उत्तर प्रदेश में पहला स्थान अपने नाम किया है. सेंट जॉन्स स्कूल, तुलसीपुर, गाजीपुर की कक्षा नौ की छात्रा अरम्या की यह कामयाबी इसलिए भी खास है, क्योंकि उन्होंने यह मुकाम किसी बड़े शहर या महंगे कोचिंग मंच से नहीं, बल्कि स्कूल की छोटी-छोटी सीढ़ियों से चढ़कर पाया है.

क्लास-2 में पहली बार जागा बोलने का आत्मविश्वास

अरम्या बताती हैं कि जब वह कक्षा दो में थीं, तब स्कूल में उन्हें थॉट्स लिखने और बोलने का अवसर मिलता था. यहीं से उनके भीतर अपनी बात रखने का आत्मविश्वास विकसित होना शुरू हुआ. इसके बाद कक्षा चार में उनकी एक शिक्षिका ने उन्हें दो मिनट का पैराग्राफ बोलने के लिए कहा.अरम्या के मुताबिक, यही उनकी स्पीकिंग जर्नी की वास्तविक शुरुआत थी.

स्कूल की सुबह की असेंबली में थॉट बोलने से लेकर मंच पर अलग-अलग विषयों पर अपनी बात रखने तक उनका आत्मविश्वास धीरे-धीरे बढ़ता गया. कक्षा सात तक आते-आते उन्हें विभिन्न विषयों पर बोलने के अवसर मिलने लगे. स्कूल की ओर से हाउस गतिविधियों और प्रतियोगिताओं में उन्हें कई बार प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला. इस तरह छोटे स्तर पर मिले अवसरों ने उनके भीतर डिबेट और पब्लिक स्पीकिंग की रुचि को मजबूत किया.

4 अक्टूबर को मिला IIT बॉम्बे का कन्फर्मेशन

अरम्या के राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का सफर 24 सितंबर 2026 को शुरू हुआ, जब उन्होंने IIT बॉम्बे की नेशनल स्पीच एंड डिबेट कंपटीशन 2026 के लिए आवेदन किया. अरम्या बताती हैं कि उन्होंने शुरुआत में इस आवेदन को एक एक्सपोजर और नया अनुभव हासिल करने के अवसर के रूप में लिया था. 4 अक्टूबर को परिवार को आधिकारिक कन्फर्मेशन मिला कि उनका चयन IIT बॉम्बे जाने के लिए हो गया है. इसके बाद उनके लिए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का अवसर बना. प्रतियोगिता में करीब 150 बच्चों ने हिस्सा लिया था, जिनमें से बेहतर प्रदर्शन के आधार पर केवल 16 प्रतिभागियों का चयन फाइनल राउंड के लिए हुआ. इस कड़े मुकाबले में अरम्या ने अपनी प्रतिभा और प्रभावशाली प्रस्तुति से सफलता का परचम लहराया. देश के अलग-अलग हिस्सों से आए प्रतिभागियों के बीच अरम्या ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और ऑल इंडिया नौवीं रैंक के साथ उत्तर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया.

न्यूक्लियर एनर्जी से डेमोक्रेसी तक, 20 मिनट में तैयार करनी होती थी स्पीच

अरम्या के मुताबिक, IIT बॉम्बे में प्रतियोगिता का प्रारूप काफी चुनौतीपूर्ण था. इसमें दो प्रतिभागियों को अलग-अलग बैठाया जाता था और उन्हें अचानक एक विषय दिया जाता था. विषय के पक्ष और विपक्ष में अपनी दलीलें तैयार करनी होती थीं.इसके लिए प्रतिभागियों को लगभग 20 मिनट का समय मिलता था.इस दौरान उन्हें अपने विचार व्यवस्थित करने, महत्वपूर्ण बिंदुओं को पहचानने और तर्कों के साथ अपनी बात रखने की तैयारी करनी होती थी. इसके बाद दोनों प्रतिभागियों को अपनी-अपनी स्पीच रखने का अवसर मिलता था.फिर विपक्ष की बातों का जवाब देने यानी रिबटल के लिए एक मिनट दिया जाता था.

प्रतियोगिता में विज्ञान, दर्शन, इतिहास और लोकतंत्र जैसे विविध विषय शामिल थे. न्यूक्लियर एनर्जी, थर्मल एनर्जी, प्रदूषण, डेमोक्रेसी और गवर्नमेंट से जुड़े मुद्दों पर भी प्रतिभागियों को अपनी समझ और तर्क प्रस्तुत करने होते थे.

मैगजीन, इंटरनेट, फिलॉसफी की किताबें और AI से तैयार किए तर्क

अरम्या बताती हैं कि किसी विषय पर मजबूत पक्ष रखने के लिए केवल बोलने की कला पर्याप्त नहीं होती, बल्कि विषय की गहरी समझ और तथ्यों की जानकारी भी जरूरी है.इसके लिए उन्होंने मैगजीन, इंटरनेट और विभिन्न ऑनलाइन स्रोतों का इस्तेमाल किया. कुछ दार्शनिक पुस्तकों से भी विचार और तर्क समझने में मदद मिली. तैयारी के दौरान उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का भी सहायक टूल के रूप में उपयोग किया. आत्मविश्वास अरम्या बताती हैं कि IIT बॉम्बे पहुंचकर उन्हें देश के अलग-अलग हिस्सों से आए प्रतिभागियों के बीच अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला.वहां गुरुग्राम, पूर्वोत्तर भारत, मद्रास, मुंबई और अन्य क्षेत्रों से प्रतिभागी पहुंचे थे. उत्तर प्रदेश से वह अकेली प्रतिभागी थीं.

वह स्वीकार करती हैं कि शुरुआत में इतने विविध पृष्ठभूमि से आए प्रतिभागियों को देखकर उनका आत्मविश्वास कुछ डगमगाया. उनके मन में सवाल आया कि इतने बड़े स्तर की प्रतियोगिता में वह कैसे प्रदर्शन कर पाएंगी. लेकिन उन्होंने खुद को संभाला और प्रतियोगिता पर ध्यान केंद्रित किया. जब परिणाम आया तो वह खुद भी हैरान रह गईं. अरम्या कहती हैं कि उन्हें ऑल इंडिया नौवीं रैंक और उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान मिलने की उम्मीद नहीं थी. इससे पहले वह जिला स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेती रही थीं और शाह फैज पब्लिक स्कूल की सईदा फ़ैज़ डिबेट प्रतियोगिता में अपनी टीम के साथ स्थान हासिल कर चुकी थीं, लेकिन राष्ट्रीय स्तर पर यह उपलब्धि उनके लिए अप्रत्याशित थी.

मां बनीं सबसे बड़ी ताकत, पिता का भी मिला सहयोग

अरम्या अपनी सफलता में परिवार की भूमिका को बेहद महत्वपूर्ण मानती हैं. वह बताती हैं कि IIT बॉम्बे के लिए आवेदन करते समय उनका आत्मविश्वास डगमगा रहा था.उन्होंने इसे केवल एक नए अनुभव के लिए भरा था, लेकिन उनकी मां लगातार उनका हौसला बढ़ाती रहीं. इसके साथ ही उन्हें पत्रकारिता में भी रुचि है. उनके पिता भी पत्रकारिता से जुड़े रहे हैं.अरम्या कहती हैं कि वह महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखना चाहती हैं. खासकर उन विषयों पर, जिन पर आमतौर पर कम चर्चा होती है. वह अपनी डिबेट स्किल और विचारों को आगे बढ़ाना चाहती हैं तथा अपना पोर्टफोलियो तैयार करने की भी इच्छा रखती हैं. उनका मानना है कि पढ़ाई और डिबेट दोनों की अपनी अलग जगह है और एक गतिविधि दूसरी की जगह नहीं ले सकती. वह आगे भी स्कूल में अवसर मिलने पर डिबेट प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना चाहेंगी.

गांव के बच्चों को मिले प्राथमिकता, वर्कशॉप से बढ़े आत्मविश्वास

अरम्या का मानना है कि प्रतिभा केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं है.गांवों के बच्चों में भी बहुत क्षमता है, लेकिन उन्हें पर्याप्त अवसर और मंच नहीं मिल पाता.ऐसे बच्चों को प्राथमिकता देने, उनके लिए स्पीच और डिबेट की वर्कशॉप आयोजित करने तथा उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के बारे में जागरूक करने की जरूरत है.

वह युवाओं को मोबाइल फोन, रील्स और डूम स्क्रॉलिंग में जरूरत से ज्यादा समय बर्बाद करने से बचने की सलाह देती हैं. उनके मुताबिक, तकनीक का इस्तेमाल केवल मनोरंजन के लिए नहीं, बल्कि नई चीजें सीखने और अपने ज्ञान में इजाफा करने के लिए भी होना चाहिए.अरम्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना प्रेरणास्रोत मानती हैं.



Source link