गोरखपुर जिला जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे 72 वर्षीय परवेज परवाज की शनिवार देर रात मौत हो गई। लंबे समय से बीमार चल रहे परवेज की रात में अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। जेल प्रशासन उसे जिला अस्पताल ले गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। वह करीब आठ साल से जेल में बंद था।
मधुमेह और उच्च रक्तचाप समेत कई बीमारियों से पीड़ित परवेज की कुछ दिन पहले आंखों की सर्जरी भी कराई गई थी। राजघाट थाना क्षेत्र के तुर्कमानपुर निवासी परवेज परवाज वर्ष 2007 में गोरखपुर में हुए दंगों को लेकर तत्कालीन सांसद और वर्तमान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ केस दर्ज कराने के बाद सुर्खियों में आया था।
उसने अदालत के माध्यम से धार्मिक उन्माद फैलाने के आरोप में केस दर्ज कराया था। इस मामले में साक्ष्य के तौर पर पेश की गई सीडी की जांच में छेड़छाड़ सामने आई थी। इसके बाद सीडी से जुड़े मामले में परवेज के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया था। दंगों के दौरान उस पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत भी कार्रवाई हुई थी।