जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मां के निधन की सूचना किसी भी बेटे को भीतर तक झकझोर देने वाली होती है, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस असहनीय पीड़ा के बीच भी अपने दायित्वों को प्राथमिकता दी।
शुक्रवार को गोरखपुर के चंपा देवी पार्क में आयोजित टैबलेट वितरण समारोह में जब वह युवाओं को संबोधित कर रहे थे, उसी दौरान उनकी मां सावित्री देवी के निधन की सूचना उनके ओएसडी तक पहुंची। संबोधन के दौरान ही निधन की पुष्टि भी हो गई थी, लेकिन मुख्यमंत्री को इसकी जानकारी कार्यक्रम का संबोधन पूरा होने के बाद मंच पर दी गई।
मां के निधन की खबर मिलने के बावजूद मुख्यमंत्री ने स्वयं को संभाले रखा। उन्होंने कार्यक्रम की शेष औपचारिकताएं पूरी कीं और आयोजन संपन्न होने के बाद ही मंच छोड़ा। युवाओं के बीच चल रहे कार्यक्रम में उन्होंने अपने सार्वजनिक दायित्वों का निर्वहन किया। हालांकि, मां के निधन की खबर उनके लिए कितनी बड़ी व्यक्तिगत क्षति थी, इसका अहसास गोरखनाथ मंदिर पहुंचने के बाद हुआ।
चंपा देवी पार्क से मुख्यमंत्री सीधे गोरखनाथ मंदिर पहुंचे। मंदिर परिसर में उनके चेहरे पर मां को खोने की वेदना साफ झलक रही थी। वह किसी से बातचीत किए बिना सीधे अपने कक्ष में चले गए। कुछ देर बाद जब वह कक्ष से बाहर निकले तो लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
इस दौरान मंदिर परिसर में पहले से मौजूद प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने उनसे मुलाकात की और मां के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। सार्वजनिक जीवन में कर्तव्य के प्रति प्रतिबद्धता और निजी जीवन में मां को खोने का दुख, शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के व्यक्तित्व के ये दोनों पहलू गोरखपुर में देखने को मिले।
