अयोध्या: छत्तीसगढ़ से अयोध्या जाकर भगवान राम के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है. अब रामलला के दर्शन के लिए बिलासपुर से अयोध्या तक विशेष ट्रेन चलाई जाएगी. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन के संचालन को मंजूरी दे दी है. यह ट्रेन 30 नवंबर को बिलासपुर से रवाना होगी. रास्ते में मध्य प्रदेश के कई प्रमुख स्टेशनों से गुजरते हुए वाराणसी पहुंचेगी. यहां यात्रियों को दर्शन के लिए समय दिया जाएगा. इसके बाद 2 दिसंबर को ट्रेन अयोध्या छावनी पहुंचेगी. वापसी में भी यात्रियों के लिए इसी ट्रेन की व्यवस्था की गई है. ऐसे में छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं को अयोध्या पहुंचने के लिए काफी सुविधा मिलेगी.

रेलवे की ओर से इस विशेष ट्रेन का नंबर 08853/08854 रखा गया है. ट्रेन 30 नवंबर को बिलासपुर स्टेशन से दोपहर 12:30 बजे रवाना होगी. इसमें कुल 15 एलएचबी कोच लगाए जाएंगे. इनमें 12 एलडब्ल्यूएससीएन कोच, एक फ्लेमलेस एसी कोच और दो एलडब्ल्यूएलआरआरएम कोच शामिल हैं.

बिलासपुर से चलने के बाद ट्रेन शहडोल, न्यू कटनी, कटनी और सतना होते हुए उत्तर प्रदेश की तरफ बढ़ेगी. इसके बाद प्रयागराज छिवकी और वाराणसी होते हुए बनारस पहुंचेगी. इस यात्रा में यात्रियों को बनारस में दर्शन के लिए समय दिया जाएगा.

इन स्टेशनों से होकर गुजरेगी ट्रेन
बिलासपुर से रवाना होने के बाद ट्रेन कई प्रमुख स्टेशनों से गुजरेगी. इसका शुरुआती शेड्यूल इस तरह है.

  • बिलासपुर: 30 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे रवाना.
  • शहडोल: शाम 4:00 बजे पहुंचेगी और 4:05 बजे रवाना होगी.
  • न्यू कटनी जंक्शन: शाम 6:30 बजे बिना रुके गुजरेगी.
  • कटनी जंक्शन: शाम 7:10 बजे पहुंचेगी और 7:15 बजे रवाना होगी.
  • सतना जंक्शन: रात 9:30 बजे पहुंचेगी और 9:35 बजे रवाना होगी.
  • मानिकपुर जंक्शन: 1 दिसंबर को रात 12:20 बजे बिना रुके गुजरेगी.
  • प्रयागराज छिवकी: सुबह 2:30 बजे पहुंचेगी और 2:35 बजे रवाना होगी.
  • वाराणसी जंक्शन: सुबह 6:30 बजे बिना रुके गुजरेगी.
  • बनारस: सुबह 6:45 बजे पहुंचेगी.

पहले बनारस पहुंचेंगे यात्री, फिर अयोध्या जाएगी ट्रेन
इस यात्रा में बनारस को भी शामिल किया गया है. ट्रेन 1 दिसंबर की सुबह 6:45 बजे बनारस पहुंचेगी. यहां यात्रियों को दर्शन के लिए उतरने का समय दिया जाएगा. इसके बाद 2 दिसंबर की सुबह 9 बजे ट्रेन बनारस से अयोध्या के लिए रवाना होगी. बनारस से चलने के बाद ट्रेन प्रतापगढ़ और सुल्तानपुर के रास्ते दोपहर 3:30 बजे अयोध्या छावनी पहुंचेगी. यहां पहुंचने के साथ यात्रियों की यात्रा का अगला पड़ाव पूरा होगा.

अयोध्या से वापसी का भी जानिए पूरा शेड्यूल
रामलला के दर्शन के बाद यात्रियों को वापस बिलासपुर लाने के लिए भी इसी ट्रेन का संचालन किया जाएगा. ट्रेन नंबर 08854 अयोध्या छावनी से 2 दिसंबर की रात 10:30 बजे रवाना होगी. इसके बाद सुल्तानपुर और प्रतापगढ़ होते हुए वाराणसी, प्रयागराज और मध्य प्रदेश के रास्ते छत्तीसगढ़ पहुंचेगी.

वापसी में ट्रेन का शेड्यूल इस तरह रहेगा…

  • अयोध्या छावनी: 2 दिसंबर को रात 10:30 बजे रवाना.
  • वाराणसी जंक्शन: 3 दिसंबर को सुबह 3:30 बजे पहुंचेगी और 3:40 बजे रवाना होगी.
  • प्रयागराज छिवकी: सुबह 8:00 बजे पहुंचेगी और 8:05 बजे रवाना होगी.
  • मानिकपुर जंक्शन: सुबह 10:40 बजे बिना रुके गुजरेगी.
  • सतना जंक्शन: दोपहर 12:25 बजे पहुंचेगी और 12:30 बजे रवाना होगी.
  • कटनी जंक्शन: दोपहर 2:10 बजे पहुंचेगी और 2:15 बजे रवाना होगी.
  • शहडोल: शाम 6:00 बजे पहुंचेगी और 6:05 बजे रवाना होगी.
  • बिलासपुर: रात 10:50 बजे पहुंचेगी.
  • इस तरह तीन दिसंबर की रात करीब 10:50 बजे ट्रेन बिलासपुर पहुंच जाएगी.

यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने किए खास इंतजाम
इस विशेष ट्रेन में यात्रियों की सुविधाओं का भी ध्यान रखा गया है. पूरी यात्रा के दौरान ट्रेन इलेक्ट्रिक इंजन से चलेगी. इसके अलावा कटनी, प्रयागराज छिवकी, बनारस, वाराणसी और अयोध्या छावनी स्टेशन पर ट्रेन में पानी भरने और साफ-सफाई की व्यवस्था की जाएगी.

रामलला के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत
छत्तीसगढ़ से अयोध्या जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह विशेष ट्रेन काफी उपयोगी साबित हो सकती है. खासकर उन लोगों को सुविधा मिलेगी, जिन्हें अयोध्या और बनारस दोनों जगह दर्शन करने हैं. बिलासपुर से शुरू होकर मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के रास्ते चलने वाली यह ट्रेन यात्रियों को एक ही यात्रा में दोनों धार्मिक स्थलों तक पहुंचने का मौका देगी.



Source link

अभी अभी की खबरें