Along with their studies, they will prepare for competitive examinations using tablets

 शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में तिरंगा लहराते विद्यार्थी। -संवाद

गोंडा। हाथों में टैबलेट पहुंचते ही युवाओं के चेहरे खिल उठे। किसी को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी आसान होने की उम्मीद है तो किसी को तकनीकी शिक्षा और कॅरिअर में आगे बढ़ने का अवसर दिख रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की इस पहल को देवीपाटन मंडल के गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती के युवाओं ने दूरदर्शी बताते हुए डिजिटल तकनीक से पढ़ाई और कौशल विकास को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।


गोंडा के कटरा बाजार स्थित निजी संस्थान में बीएससी अंतिम वर्ष के छात्र अभय सिंह ने कहा कि टैबलेट से पढ़ाई के लिए जरूरी सामग्री आसानी से उपलब्ध होगी। बीए अंतिम वर्ष की छात्रा पुष्पा सिंह ने इसे पढ़ाई में सहूलियत देने वाला बताया। एलबीएस पीजी कॉलेज के छात्र चंद्रशेखर जायसवाल प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि टैबलेट से तैयारी को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। बीसीए पांचवें सेमेस्टर की छात्रा प्रियांशी मिश्रा ने भी इसे तकनीकी शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए उपयोगी बताया।

बहराइच के राजकीय पॉलीटेक्निक के छात्र देवेश कुमार मौर्य ने कहा कि डिजिटल दौर में टैबलेट से घर बैठे जरूरी जानकारियां मिल सकेंगी। उत्कर्ष प्रताप मिश्र ने इसे तकनीकी विषयों को समझने में मददगार बताया। सिविल इंजीनियरिंग के छात्र अंश पांडेय ने इसी क्षेत्र में कॅरिअर बनाने की इच्छा जताई, जबकि इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के छात्र संचित कुमार वर्मा ने कहा कि यह युवाओं के भविष्य को संवारने में उपयोगी साबित होगा।

श्रावस्ती के गिलौला स्थित महाविद्यालय की बीए पांचवें सेमेस्टर की छात्रा प्रज्ञा त्रिपाठी ने बताया कि वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करेंगी। टैबलेट इसमें मददगार होगा। पल्लवी शर्मा, सुनैना और सविता ने कहा कि डिजिटल संसाधनों से बेटियों की पढ़ाई को भी सहूलियत मिलेगी।

बलरामपुर से आए अभय चौहान ने कहा कि टैबलेट से पढ़ाई के लिए डिजिटल सामग्री तक पहुंच आसान होगी। विक्रम गुप्ता ने इसे शिक्षण में उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे सीखने की प्रक्रिया को बेहतर बनाया जा सकेगा। गुरु प्रसाद मौर्य ने मुख्यमंत्री की बात का समर्थन करते हुए टैबलेट को ‘चलता-फिरता विश्वविद्यालय’ बताया। मुस्कान कौशल ने भी इसे डिजिटल शिक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।



Source link

अभी अभी की खबरें