जागरण संवाददाता, उरई। जालौन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुसमरा में शनिवार की शाम 4 बजे बाइक (बुलट) से खेत से गांव लौट रहे पूर्व बीडीसी सदस्य को आरोपितों ने पहले ट्रैक्टर से टक्कर मारी, फिर सिर पर फावड़े से प्रहार करके हत्या कर दी। ग्रामीणों को आता देख आरोपित मौके से भाग निकले।

बीडीसी ने कुछ माह पहले आरोपित के पुत्र को पाक्सो के मामले में जेल भिजवाया था। इसी कारण आरोपित ठेकेदार रंजिश मान रहा था। सीओ व कोतवाली पुलिस पहुंची और घटनास्थल पर शव के पास से फावड़ा बरामद कर लिया।

ग्राम कुसमरा निवासी 42 वर्षीय राजेश श्रीवास खेती करने के साथ राजनीति में भी दिलचस्पी रखते थे। वह सपा से 2016 में बी़डीसी सदस्य चुने गए थे। छह माह पहले उन्होंने गांव की एक किशोरी की शिकायत पर ठेकेदार के पुत्र को पाक्सो के मामले में मुकदमा दर्ज कराकर जेल भिजवाया था।

इस कारण ठेकेदार राजेश श्रीवास से रंजिश मानता था। शनिवार की शाम जैसे ही राजेश बाइक से गांव की तरफ जा रहे थे कि रास्ते में ठेकेदार ने पीछे से ट्रैक्टर चढ़ा दिया। फिर आगे ट्रैक्टर रोक कर जब देखा कि उसकी मौत नहीं हुई तो उसने फावड़े से राजेश के सिर में कई प्रहार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।

मौके पर कुछ ग्रामीणों को आता देख आरोपित ठेकेदार अपने साथियों के साथ भाग निकला। सीओ अजय सिंह, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हरिशंकर चंद फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि अभी पत्नी उमा ने कोई तहरीर नहीं दी है। राजेश के तीन पुत्रियां व एक पुत्र है। सीओ अजय सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शिकायती पत्र मिलते ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।



Source link