यूपी में जेन-अल्फा यानी 14 साल तक के बच्चे सड़कों पर उतर रहे हैं। इनके मुद्दे छोटे-छोटे हैं। स्कूल तक सड़क नहीं है। शिक्षकों की कमी है। मेस का खाना ठीक नहीं है। 19 अगस्त (बुधवार) को एक साथ उन्नाव, हमीरपुर और महोबा शहरों में जेन-अल्फा ने प्रदर्शन किए।
.
इससे पहले लखनऊ में छात्रों ने सड़क जाम कर दी थी। कन्नौज में मेस के घटिया खाने से नाराज होकर खुद को कमरे में बंद कर लिया था। इन प्रदर्शनों का कोई चेहरा नहीं था। अधिकारियों के सामने सिर्फ बच्चे थे। उन्हें कैसे मनाए? क्या डांटे या उन्हें भगा दें? अधिकारियों के लिए ऐसी स्थिति पहली बार बनी।
इसलिए यूपी सरकार एक विशेष SOP (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसिजर) तैयार कर रही है। इसके 2 मकसद हैं-
पहला- स्कूली छात्रों के विरोध-प्रदर्शन में उनके मुद्दे ठीक से समझे जाएं। उनकी समस्याओं को मौके पर ही खत्म करके संतुष्ट किया जाए।
दूसरा- ‘बच्चों के अधिकारों’ का खास ध्यान रखा जाए। किसी भी हाल में बच्चों पर बल प्रयोग न हो।

उत्तर प्रदेश सरकार की SOP में क्या खास, पहले ये जानिए
इस SOP में क्या खास है? इसके जवाब में भाजपा प्रदेश संगठन के एक पदाधिकारी कहते हैं- जंतर-मंतर की घटनाओं से भाजपा और सरकार के शीर्ष नेतृत्व ने सबक लिया है। अब नरम रवैया अपनाने का फैसला किया है। सीधे तौर पर कहे तो ‘लाठी-डंडे’ नहीं, अब ‘संवाद’ ही रास्ता होगा। इस पर केंद्रीय और राज्य संगठन की सहमति बन चुकी है।
अब जहां पर जेन-जी या जेन-अल्फा सड़क पर प्रदर्शन करेंगे, उस जिले के सिर्फ युवा अफसर उनसे बातचीत करेंगे। वो भी अफसर की तरह नहीं, दोस्त की तरह। वो बातें सुनेंगे, जहां तक संभव होगा, मौके पर ही समस्या खत्म की जाएगी, जिससे बच्चों में सरकार के लिए भरोसा बने।
SOP में यह भी साफ किया जा रहा कि किसी भी स्थिति में प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर मुकदमे नहीं होंगे। जेन-जी तक सरकार की मजबूत पैठ के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नई ‘यूथ पॉलिसी’ लाने का ऐलान किया है। इसमें सरकार 4 बड़े कदम उठाने जा रही है-
1. युवा आयोग बनेगा- इसमें प्रशासनिक अधिकारियों के बजाए युवाओं और छात्र प्रतिनिधियों की भागीदारी होगी। वो अपनी समस्याओं, प्राथमिकताओं और नीतियों को सीधे सरकार के सामने रख सकेंगे।
2. रोजगार बढ़ाएंगे- सभी भर्ती आयोगों (UPPSC, UPSSSC, शिक्षा सेवा चयन आयोग) को रिक्त पदों पर नियुक्ति करने और भर्ती परीक्षाओं के रिजल्ट जल्दी जारी करने के लिए कहा गया है।
3. आउटसोर्स सेवा निगम भर्तियां करेगा- आयोग अगस्त महीने से काम शुरू करने लगेगा। दिसंबर से पहले 1 लाख नई भर्तियां होनी है, जिनमें जेन-जी को सबसे ज्यादा जॉब मिलेंगी। राज्य परिवर्तन आयोग में साइबर सुरक्षा निदेशक, चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर और स्टेट डेटा अथॉरिटी से जुड़े पदों पर सीधी भर्तियों तेजी से होंगी।
4. हाईटेक सेक्टर्स में जॉब – एआई, रोबोटिक्स, सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में 75 हजार सीधी जॉब दी जा रही है।

उन्नाव में जेन-अल्फा ने 19 अगस्त की सुबह प्रदर्शन किया था। 6वीं से 12वीं तक के 250 से ज्यादा छात्र सड़क पर उतर गए थे। उनके हाथों में ‘हमारी मांगें पूरी करो’ और ‘वी नीड टीचर्स’ जैसी तख्तियां थीं।
अब यूपी पुलिस की SOP जानिए
यूपी के DGP राजीव कृष्ण बताते हैं- युवा वर्ग बहुत आगे की सोच रहा है। उनकी सीखने की क्षमता ज्यादा है। वो देश का अच्छा-बुरा समझते हैं। युवा वर्ग से जुड़ने के लिए उनके बातचीत के तौर-तरीकों को समझना होगा। इसलिए राज्य की पुलिस के लिए नए सिरे से SOP तैयार की जा रही है-
- अगर कोई ग्रुप या कोई व्यक्ति, छात्र-छात्राओं को बरगला रहा है, गुमराह कर रहा है, तो उसकी निगरानी रखी जाएगी। जरूरत पड़ने पर काउंसिलिंग की जाएगी।
- जेन-जी या जेन-अल्फा प्रदर्शन होने पर पुलिस ज्यादा से ज्यादा बातचीत करेगी। सख्त हिदायत है कि किसी भी बच्चे पर बल प्रयोग नहीं होना चाहिए।
- नई पीढ़ी जिस तरह से बातें समझे, उसी पैटर्न में समझना होगा।
- समस्या जिस विभाग से संबंधित होगी, उनके अधिकारियों से कोऑर्डिनेशन कराना होगा। समस्या का समाधान होने तक फॉलोअप करना है।

जेन-जी, जेन-अल्फा संवेदनशील क्यों माने जा रहे…
- चुनाव में नुकसान का डर- यूपी में विधानसभा चुनाव 6 महीने बाद होने हैं। जानकारों के अनुसार, जेन-जी का 80% हिस्सा वर्तमान में वोटर है, जो करीब 2.07 करोड़ हैं। वहीं, 5 से 14 साल की आयु वर्ग वाले ‘जेन-अल्फा’ अगले 4-5 सालों में नए मतदाता बन जाएंगे। अगर इस पीढ़ी में सरकार विरोधी संदेश गया, तो इसके आने वाले चुनाव में सरकार को नुकसान हो सकता है।
- लाठीचार्ज का जनता में गलत संदेश न जाए- स्कूली बच्चों और युवाओं पर अगर पुलिस कानूनी कार्रवाई करती है या उनके साथ मारपीट होती है, तो इसका जनता में गलत संदेश जाएगा। इसलिए सरकार चाहती है कि इस तरह के मामले नरमी के साथ सुलझाए जाएं।
- विपक्ष चुनावी मुद्दा न बना सके- आंदोलन करने वाले छात्रों को सोशल मीडिया पर तेजी से सपोर्ट मिलता है। एक शहर में प्रदर्शन होने पर असर पूरे राज्य में पड़ता है। इसको भुनाने के लिए सपा और कांग्रेस खुलकर छात्रों को समर्थन दे रहे हैं।
सड़कों पर क्यों उतरने लगे बच्चे?
लोकल प्रेशर खत्म हो गया
क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. कृष्ण दत्त कहते हैं- पहले गांव और शहरों के सभी वर्ग के बच्चे सरकारी स्कूलों में पढ़ते थे। चाहे गरीब हो या अमीर। ऐसे में प्रभावशाली लोग इन स्कूलों की जरूरतों पर नजर रखते थे। शिक्षा के निजीकरण के बाद जो सक्षम लोग थे, उनके बच्चे प्राइवेट स्कूलों में चले गए। अब सरकारी स्कूलों में सिर्फ निम्न आय वर्ग के बच्चे पढ़ते हैं। जिससे लोकल दबाव खत्म हो गया और व्यवस्थाएं चरमरा गईं। सरकारी स्कूलों में अगर सरकारी अफसरों के बच्चे पढ़ें, तो देखिए कैसे स्कूलों की दशा बदल जाएगी। अफसरों को अभिभावक जैसा व्यवहार करना चाहिए
बेसिक शिक्षा विभाग के पूर्व निदेशक सर्वेंद्र विक्रम बहादुर सिंह कहते हैं- लखनऊ और फतेहपुर में बच्चे जिस तरह से सामने आए, ये सब कुछ उन्होंने तो प्लान नहीं किया था। इन जिलों के जेन-जी भी इसके पीछे हो सकते हैं। बच्चे इस माइंडसेट में नहीं होते कि वह प्रदर्शन करें या धरना दें। यह भी देखने में आया है कि शिक्षा विभाग के अफसर जब इन स्कूलों में जाते हैं, तो वह बच्चों के साथ अभिभावकों जैसा व्यवहार नहीं करते। सिर्फ कागजों में दिखाने के लिए निरीक्षण होते हैं।

लखनऊ के पारा में 17 अगस्त को जेन अल्फा स्टूडेंट्स ने आगरा एक्सप्रेस-वे से लिंक रोड पर जाम लगा दिया था। समाज कल्याण राज्यमंत्री असीम अरुण भी जाम में फंस गए थे।
लाल किले से संघ तक… युवाओं को साधने की कवायद
- प्रधानमंत्री का ‘फोकस जेन-अल्फा’- स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जेन-जी और जेन-अल्फा को ‘विकसित भारत 2047’ की रीढ़ बताया था। उन्होंने 1 करोड़ युवाओं को AI ट्रेनिंग, मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग और जेन-अल्फा के लिए राष्ट्रव्यापी स्पोर्ट्स टैलेंट हंट की घोषणाएं की थीं।
- RSS नए तौर-तरीकों की तरफ- संघ प्रमुख मोहन भागवत ने माना कि अगर युवा सवाल उठा रहे हैं, तो व्यवस्था में कहीं न कहीं कमी है। संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि पुरानी पद्धतियों से नई पीढ़ी को नहीं सिखाया जा सकता, उनके लिए नए तौर-तरीके बनाने होंगे।
ABVP छात्रों के साथ, जिम्मेदारी- राष्ट्रविरोधी ताकतें इस्तेमाल न कर सकें
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की प्रदेश मंत्री अर्पण कुशवाहा कहती हैं- शिक्षा व्यवस्था में अव्यवस्थाएं हैं। अधिकार और अपने भविष्य के लिए जेन-जी, जेन-अल्फा सड़क पर उतर रहा है। छात्रों के पास सारा डेटा है। सभी सूचनाएं हैं। अपने अधिकारों के लिए सड़क पर उतरना ठीक भी है। बस तरीका न्यायपूर्ण होना चाहिए। एबीवीपी छात्रों के साथ खड़ा है। देखना होगा कि कोई राष्ट्रविरोधी ताकत उनका इस्तेमाल न कर सके।

—————————-
यह खबर भी पढ़ें –
लखनऊ में जेन-अल्फा छात्राएं सड़कों पर, हाईवे जाम किया, बोलीं- टीचर नहीं, पढ़ें कैसे? 8KM पैदल चलीं

लखनऊ में शिक्षकों की कमी को लेकर जेन-अल्फा ने एक बार फिर सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। सोमवार सुबह 7 बजे बारिश के बीच करीब 250 जेन-अल्फा छात्राएं दुबग्गा-कानपुर बाईपास चौराहे पर इकट्ठा हुईं। सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया। छात्राएं मोहान रोड स्थित जयप्रकाश नारायण सर्वोदय बालिका विद्यालय से ढाई किमी चलकर यहां तक पहुंचीं। 6वीं से 12वीं कक्षा तक के इस स्कूल को समाज कल्याण विभाग चलाता है। पढ़िए पूरी खबर…
