नोएडा की जिलाधिकारी मेधा रूपम ने सरकारी जमीन को कथित तौर पर अपने पति के नाम दर्ज कराने के आरोप में महिला लेखपाल नीरज लता को निलंबित कर दिया है। सोमवार शाम हुई इस कार्रवाई के बाद उन्हें जिला मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच भी
.
मामला भारत सरकार की स्वामित्व योजना से जुड़ा है। इस योजना के तहत गांवों में घरौनी तैयार कर मकानों और भूखंडों का रिकॉर्ड बनाया जा रहा था। आरोप है कि वर्ष 2020 से 2023 के बीच बांजरपुर गांव में तैनाती के दौरान लेखपाल नीरज लता ने करीब 450 वर्ग मीटर सरकारी जमीन को आबादी भूमि दिखाकर अपने पति के नाम दर्ज कर दिया।
जमीन की कीमत करीब एक करोड़ रुपये
बताया जा रहा है कि जिस सरकारी जमीन को दर्ज किया गया, उसकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये है। शिकायत मिलने के बाद जिलाधिकारी ने मामले की जांच के आदेश दिए थे।
तहसीलदार की प्राथमिक जांच में अनियमितताओं के संकेत मिले। इसके बाद लेखपाल से जवाब मांगा गया, लेकिन उनका स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया। जांच रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी मेधा रूपम ने तत्काल प्रभाव से निलंबन का आदेश जारी कर दिया।
नायब तहसीलदार करेंगी विस्तृत जांच
नीरज लता वर्तमान में बिलासपुर गांव में तैनात थीं। निलंबन के बाद उन्हें जिला मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच सदर तहसील की नायब तहसीलदार ज्योत्सना सिंह को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद विभागीय और कानूनी कार्रवाई पर फैसला लिया जाएगा।
