गाजियाबाद। जिले के 50 साल पूरे होने पर गाजियाबाद के ऐतिहासिक सफर और औद्योगिक विकास को दर्शाने के लिए मेरठ रोड औद्योगिक क्षेत्र में दो दिवसीय प्रदर्शनी शुरू हुई। उत्तर प्रदेश उद्यमी विकास संघ की ओर से ऑल इंडिया मैन्यूफैक्चरर्स ऑर्गनाइजेशन (यूपी स्टेट बोर्ड) के कार्यालय परिसर में लगी प्रदर्शनी का उद्घाटन मंडलायुक्त भानु चंद्र गोस्वामी ने जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ की मौजूदगी में किया।

प्रदर्शनी में गाजियाबाद के प्राचीन इतिहास से लेकर औद्योगिक विकास तक की तस्वीरें और महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदर्शित की गईं। बताया गया कि गाजियाबाद का इतिहास हजारों वर्ष पुराना है। यहां चौथी शताब्दी में समुद्रगुप्त के समय के अवशेष मिलने के प्रमाण भी सामने आए हैं। प्राचीन दूधेश्वरनाथ मंदिर को जिले की ऐतिहासिक विरासत के रूप में दर्शाया गया।

वहीं, 1864 में गाजियाबाद से रेल सेवाएं शुरू होने के बाद क्षेत्र के विकास को गति मिली। वर्ष 1933 में मोदीनगर में मोदी शुगर मिल की स्थापना को जिले की पहली फैक्टरी के रूप में दर्शाया गया।

प्रदर्शनी में मोहन मीकिन्स, मुरादनगर ऑर्डिनेंस फैक्टरी, मॉडर्न इंडस्ट्रीज, भारत उद्योग, गुरुनानक इंजीनियरिंग कंपनी, जैना वाचेज और किसान इंजीनियरिंग जैसी औद्योगिक इकाइयों के योगदान को भी रेखांकित किया गया। इन संस्थानों ने गाजियाबाद को औद्योगिक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विभिन्न उद्योगों की ओर से अपने उत्पादों का प्रदर्शन भी किया गया।

इस मौके पर उपायुक्त जिला उद्योग केंद्र आशुतोष सिंह, उद्यमी संजीव गुप्ता, अनिल गर्ग, अनुज शर्मा, राजीव गुप्ता, मनोज शर्मा, सुशील अरोड़ा, नीरज सिंघल, राकेश अनेजा, प्रदीप गुप्ता, शमशाद अली, निर्मल सिंह, एसपी चौहान और मनजीत सिंह समेत बड़ी संख्या में उद्यमी मौजूद रहे। कार्यक्रम का आयोजन एवं संचालन संगठन के अध्यक्ष उपेंद्र गोयल ने किया। संजीव सचदेव ने अतिथियों और उद्यमियों का आभार जताया।



Source link

अभी अभी की खबरें