रायबरेली के जगतपुर थाना क्षेत्र के उड़वा गांव में बुधवार को स्कूल जा रही बच्ची और उसकी मां पर हमला कर दिया गया। कार सवार मां-बेटी को रास्ते में रोककर ईंट-पत्थर फेंके गए। अचानक हुए हमले से बच्ची सहम गई, जबकि मां उसे बचाने के लिए मदद की गुहार लगाती रही
.
बच्ची को स्कूल छोड़ने जा रही थी मां, रास्ते में रोककर किया हमला
उड़वा गांव निवासी रुद्धिमा सिंह पत्नी बृजेश सिंह अपनी पुत्री को कार से स्कूल छोड़ने जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में कुछ लोगों ने उनकी कार को रोक लिया। आरोप है कि इसके बाद ईंट-पत्थर से हमला शुरू कर दिया गया। हमले के दौरान बच्ची घबरा गई और मदद के लिए गुहार लगाने लगी। मां ने अपनी बेटी को बचाने का प्रयास किया।

पत्थर से कार का सीसा तोड़ता युवक।
वायरल वीडियो में कार पर पत्थर फेंकते दिखे लोग
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसमें कुछ लोग कार की ओर पत्थर फेंकते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में मां-बेटी घटना के दौरान मदद मांगती नजर आ रही हैं। आरोप है कि हमलावरों ने कार को भी क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और घटना की जांच शुरू कर दी।

सीओ गिरजा शंकर त्रिपाठी ने बताया-

मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस वायरल वीडियो समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। मामले में रितेश मिश्रा, आयुष मिश्रा और शिवम को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है।

जगतपुर थाना प्रभारी वागीश मिश्रा ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
