मूलरूप से कस्बा चरखारी और वर्तमान में मध्यप्रदेय के हरपालपुर के मोहल्ला स्टेशन में रहने वाली मां व उसके बेटे की मौत की खबर ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। छह साल के बेटे ने डायरिया से दम तोड़ा तो सदमे में मां ने भी अपने प्राण छोड़ दिए। यह खबर जब उनके परिजनों को मिली तो कोहराम मच गया। मंगलवार की शाम मां-बेटे के शव अंतिम संस्कार के लिए चरखारी पहुंचे तो हर आंख नम नजर आई।
जनपद छतरपुर के हरपालपुर नगर के मोहल्ला स्टेशन निवासी रजिया खातून (36) अपने पति सुब्हान अहमद और बेटे हसनैन (06) के साथ रहती थी। दोपहर के समय हसनैन को अचानक तेज पेटदर्द व उल्टी-दस्त की शिकायत हुई। हालत बिगड़ने पर उसे हरपालपुर अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे नौगांव रेफर किया गया। नौगांव में भी हसनैन की हालत गंभीर बनी रही। जिसके बाद उसे जिला अस्पताल छतरपुर भेजा गया। रजिया और अन्य परिजन हसनैन को कार से लेकर छतरपुर के लिए रवाना हुए लेकिन रास्ते में ही हसनैन की मौत हो गई। बेटे के शरीर में किसी तरह की हलचल न होने पर रजिया की भी हालत बिगड़ने लगी।