अयोध्या निवासी पीठाधीश्वर महंत वैदेही वल्लभ शरण एवं ओमप्रकाश गिरि पर प्लॉट दिलाने के नाम पर लाखों रुपये हड़पने के आरोप में दो महिलाओं ने कोतवाली में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई है। कोर्ट के आदेश पर यह मामला दर्ज हुआ। भुक्तभोगी महिलाओं का आरोप है महंत वैदेही वल्लभ ने जमीन दिलाने के नाम पर उनसे 20.80 लाख ले लिए, लेकिन प्लॉट पर कब्जा नहीं दिया। पैसा वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गंदीगर का टपरा निवासी अंजली पांडेय पत्नी प्रदीप पांडेय ने बताया कि पति की मौत के बाद बचे हुए पैसों से प्लॉट खरीदने के लिए महंत वैदेही वल्लभ को 10.80 लाख रुपये दिए। महंत वैदेही वल्लभ ने डडियापुरा में 1,740 वर्गमीटर का प्लॉट दिलाने के लिए कहा था। महंत के कहने पर ओमप्रकाश के खाते में उन्होंने पूरा पैसा ट्रांसफर कर दिया, लेकिन प्लाॅट का बैनामा नहीं हुआ। रजिस्ट्रार कार्यालय से पता करने पर मालूम चला कि महंत ने कूटरचित दस्तावेज बनाकर उनको धोखा दिया।

आरोप है पैसा वापस मांगने पर गाली-गलौज करते हुए महंत ने जान से मारने को धमकी दी। उधर, अंजली की रिश्तेदार एवं गंदीगर का टपरा निवासी शालिनी पत्नी दिलीप पांडेय ने भी महंत वैदेही पर प्लॉट के नाम पर 10 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि 21 अक्तूबर, 2023 को नकद एवं आरटीजीएस के माध्यम से रकम दी गई। आरोप है कि रकम लेने के बाद महंत लगातार प्लॉट में विवाद होने की बात कहकर बैनामा टालते रहे। पैसा वापस मांगने पर गाली-गलौज करने लगे। महंत की पुलिस से शिकायत करने पर सुनवाई नहीं हुई। दोनों महिलाओं ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोतवाली इंस्पेक्टर अंजन कुमार सिंह के मुताबिक कोर्ट के आदेश पर महंत समेत दो आरोपियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करके मामले की जांच कराई जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें