गोंडा। हाथों में टैबलेट, आंखों में डिजिटल भविष्य के सपने और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सुनने का उत्साह। शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज परिसर में शुक्रवार को कुछ ऐसा ही नजारा दिखा। टैबलेट वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के हाथों टैबलेट पाकर युवाओं के चेहरे खिल उठे। कार्यक्रम में मंडल के चारों जिलों के 46,800 मेधावियों को टैबलेट मिला।
योगी ने करीब 40 मिनट के संबोधन में युवाओं को डिजिटल सशक्तीकरण के साथ लोकतंत्र में भागीदारी का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं को वर्ष 2047 तक आत्मनिर्भर और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ते हुए पहली बार मतदाता बनने जा रहे युवाओं से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की अपील की। कार्यक्रम में सुबह से ही गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती के पॉलीटेक्निक, आईटीआई और महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। मुख्यमंत्री को सुनने के लिए आमजन और समर्थकों की भी भीड़ उमड़ी। करीब तीन लाख वर्गफुट में तैयार पंडाल में 50 हजार से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था थी। पंडाल भरने के कारण बड़ी संख्या में लोगों ने खड़े होकर संबोधन सुना।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम के बीच कॉलेज परिसर के तीन गेटों से लोगों को प्रवेश दिया गया। जांच के दौरान कुछ युवाओं की काली जैकेट उतरवाई गई लेकिन उनका उत्साह कम नहीं हुआ। मुख्यमंत्री के मंच पर पहुंचते ही पंडाल तालियों और नारों से गूंज उठा। इससे पहले विकास कार्यों पर आधारित लघु फिल्म दिखाई गई।
यूपी को बताया युवाओं का पावरहाउस
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक आत्मनिर्भर और विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है। उत्तर प्रदेश ने पिछले साढ़े नौ वर्षों में अपनी अर्थव्यवस्था को तीन गुना किया है। प्रदेश अब देश की अर्थव्यवस्था के ग्रोथ इंजन के रूप में आगे बढ़ रहा है। यूपी युवाओं का पावरहाउस है। देश के 55 प्रतिशत मोबाइल फोन और 60 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट का उत्पादन उत्तर प्रदेश में हो रहा है।
पहली बार वोट डालने वालों से उठवाए हाथ
योगी ने कहा कि मतदान अधिकार के साथ नैतिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने युवाओं से पूछा कि कितने लोगों का नाम पहली बार मतदाता सूची में जुड़ने जा रहा है। इस पर बड़ी संख्या में युवाओं ने हाथ उठाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी युवा मतदाता सूची में अपना नाम जरूर दर्ज कराएं। उन्होंने लोकतंत्र की मजबूती के लिए सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
इन युवाओं को मुख्यमंत्री ने दिए टैबलेट
मुख्यमंत्री ने गोंडा की प्रियंका चतुर्वेदी, सुरभि तिवारी, पिंकी सोनी, अर्चिता और सैय्यद अनस को टैबलेट दिया। बहराइच की मानवी पांडेय, अमिता जायसवाल, शमा बेगम, कुंज बिहारी और शिवेंद्र प्रताप सिंह को भी टैबलेट वितरित किया। श्रावस्ती की रिद्धिमा वैश्य, साधना मिश्रा, जैनब, भूपेंद्र विश्वकर्मा और राजवीर सिंह तथा बलरामपुर की अर्चना शुक्ला, रमन द्विवेदी, सौम्या पांडेय, अभिजीत भट्ट और सुलेमान सिद्दीकी को भी मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से टैबलेट दिया। उन्होंने कुछ लाभार्थियों से बातचीत भी की।

छात्रा प्रियंका चतुर्वेदी को टैबलेट प्रदान करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व सेल्फी लेतीं शिक

छात्रा प्रियंका चतुर्वेदी को टैबलेट प्रदान करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व सेल्फी लेतीं शिक

छात्रा प्रियंका चतुर्वेदी को टैबलेट प्रदान करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व सेल्फी लेतीं शिक
