कालपी। द्वितीय स्वर्गीय गजाधर चतुर्वेदी मेमोरियल राज्य स्तरीय अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट में शुक्रवार को रोमांचक मुकाबले हुए।

मैच एमएसबी इंटर कॉलेज मैदान पर खेले गए। एक मुकाबले में कप्तान इशांत यादव की 142 रनों की विस्फोटक पारी भी फिरोजाबाद को जीत नहीं दिला सकी। वहीं, तो दूसरे मुकाबले में आयुष के महज 32 गेंदों पर बनाए गए नाबाद 103 रनों की बदौलत डीसीए उन्नाव ने सीए लखनऊ (रेड) को सात विकेट से पराजित कर दिया।

मैचों का शुभारंभ यूपीसीए के निदेशक श्याम बाबू ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। दिन के पहले मुकाबले में डीसीए मुरादाबाद ने डीसीए फिरोजाबाद को 18 रनों से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुरादाबाद ने असजद की 118 रनों की पारी और मोहम्मद जैद के 76 रनों की बदौलत 21.4 ओवर में 289 रन बनाए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी फिरोजाबाद की टीम की उम्मीदें कप्तान इशांत यादव पर टिकी थीं। इशांत ने मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाते हुए मुरादाबाद के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। उन्होंने 63 गेंदों पर नौ चौकों और 16 छक्कों की मदद से 142 रन ठोक दिए। संकल्प यादव ने भी 51 रनों की पारी खेलकर उनका अच्छा साथ दिया। इशांत जब तक क्रीज पर डटे रहे, तब तक फिरोजाबाद की जीत की उम्मीदें बरकरार थीं, लेकिन इशांत का विकेट गिरते ही मुकाबले का रुख बदल गया।

उनके आउट होते ही फिरोजाबाद की पारी लड़खड़ा गई और पूरी टीम 21.5 ओवर में 271 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। मुरादाबाद की ओर से अशरफ रजा ने तीन विकेट हासिल किए, जबकि असजद और यथार्थ व्यास ने दो-दो विकेट लिए।

एक अन्य मुकाबले में डीसीए उन्नाव और सीए लखनऊ (रेड) के बीच खेले गए मैच में आयुष की विस्फोटक बल्लेबाजी आकर्षण का केंद्र रही। पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ रेड ने निर्धारित 18 ओवर में आठ विकेट खोकर 154 रन बनाए। टीम की ओर से आर्यन यादव ने 36 और राम दीक्षित ने 34 रन बनाए, जबकि वीर प्रताप सिंह ने पांच गेंदों पर नाबाद 22 रन का योगदान दिया।

—-

उन्नाव की ओर से दो-दो विकेट हासिल किए।

155 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी उन्नाव की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए। सलामी बल्लेबाज आयुष ने 32 गेंदों पर 14 छक्कों और चार चौकों की मदद से नाबाद 103 रन बना दिए। कप्तान सुयश सिंह ने भी 26 गेंदों पर नाबाद 36 रन बनाकर उनका साथ दिया। उन्नाव ने मात्र 11.1 ओवर में तीन विकेट खोकर 155 रन बनाते हुए सात विकेट से जीत दर्ज की।

—

प्लेयर ऑफ द मैच में दिया पुरस्कार

दोनों मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्लेयर ऑफ द मैच डीसीए जालौन के सचिव विकास कुमार शर्मा और कमल सैनी ने प्रदान किया। इस दौरान विकास शर्मा, कमल सिंह, राजू यादव, केशव शुक्ला, सुजल आदि रहे। मुकाबलों में अंपायर की भूमिका सतीश पांडेय और विशाल वर्मा ने निभाई, जबकि स्कोरिंग की जिम्मेदारी ओमबीर सिंह ने संभाली।



Source link