कस्बे के उसरह रोड पर माइनर के समीप स्थित किराना और जलपान की दुकान का दरवाजा तोड़कर चोर 7500 रुपये की नकदी और सामान ले गए हैं। पीड़ित दुकानदार का दावा है कि इससे पहले भी नौ बार दुकान में चोरी हो चुकी है।
उसरह रोड निवासी अगनपाल सिंह उर्फ अन्नू के अनुसार उसरह रोड पर माइनर के समीप उनकी छोटी सी किराना और जलपान की दुकान है। करीब सात वर्ष पहले यह दुकान खोली थी। बृहस्पतिवार शाम करीब सात बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। शुक्रवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो दरवाजा टूटा मिला। दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था।
बताया कि रात के समय दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे चोर करीब 7,500 रुपये की नकदी के अलावा पान मसाला, तंबाकू, सिगरेट, बीड़ी सहित किराना का सामान चुराकर ले गए हैं। सूचना पर जट्टारी चौकी पुलिस ने पहुंचकर निरीक्षण किया। पीड़ित दुकानदार ने तहरीर दी है। दुकानदार ने दावा किया कि इससे पहले भी उनकी दुकान में अलग-अलग तरीकों से नौ बार चोरी हो चुकी है। बीती रात चोरों ने 10वीं बार दुकान में चोरी की।
सीओ खैर अभिषेक कुमार पटेल ने बताया कि बृहस्पतिवार रात दुकान में चोरी की घटना हुई है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। जल्द ही चोर को पकड़ा जाएगा। वहीं, दुकानदार के पूर्व में नौ बार हुई चोरी के दावे पर सीओ ने कहा कि इस तरह की कोई पूर्व सूचना अथवा प्रमाण उपलब्ध नहीं है। यदि पहले चोरी हुई होती तो पीड़ित की ओर से प्रार्थना पत्र दिया गया होता। शिकायतकर्ता की बातें बढ़ा-चढ़ाकर कही जा रही प्रतीत हो रही हैं।
