जागरण संवाददाता, आगरा। कड़ी मेहनत और लगन के दम पर ट्रक ड्राइवर की बेटी ने आगरा का नाम रोशन किया है। मिढ़ाकुर के नगला गुजरा गांव निवासी आयुषी सोलंकी का चयन उत्तर प्रदेश की अंडर-17 जूनियर वाॅलीबाॅल टीम में हुआ है। टीम की सूची में उनका नाम 11वें नंबर पर दर्ज है। इस उपलब्धि से उनके परिवार, स्कूल और क्षेत्र के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है।

आयुषी पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय माॅडल इंटर कालेज में कक्षा 11वीं की छात्रा हैं। उनके पिता टीकम सिंह ट्रक ड्राइवर हैं और माता मीना देवी गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद आयुषी ने अपने खेल के जुनून को कम नहीं होने दिया। जौनपुर में राज्य स्तरीय सब-जूनियर प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहीं आयुषी ने बताया कि चयन की खबर सुनते ही उनकी आंखों में खुशी के आंसू आ गए।

उन्होंने सबसे पहले अपने माता-पिता को यह खुशखबरी दी। इससे पहले वह चार राज्य व मंडल स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग ले चुकी हैं। सितंबर में प्रयागराज में वर्षा के कारण मैच रद्द होने के बाद, ट्रायल में बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन यूपी टीम के लिए हुआ। आयुषी ने अपनी सफलता का श्रेय प्रधानाचार्य अनिरुद्ध यादव और खेल शिक्षिका लता चौहान को दिया है।

शिक्षिका लता चौहान के अनुसार, आयुषी बेहद मेहनती खिलाड़ी हैं और रोजाना पांच से छह घंटे अभ्यास करती हैं। आयुषी का लक्ष्य आगामी मैचों में शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश और अपने जिले का मान बढ़ाना है।



Source link

अभी अभी की खबरें