जागरण संवाददाता, गोरखपुर। बेंगलुरु जाने के लिए घर से निकला 35 वर्षीय मजदूर शुक्रवार की शाम गोरखनाथ ओवरब्रिज के पास ट्रेन से गिर गया। ट्रेन की चपेट में आने से उसके दाएं पैर का पंजा कट गया। हादसे के बाद करीब 40 मिनट तक वह ट्रैक किनारे दर्द से तड़पता रहा। जानकारी होने पर पहुंची जीआरपी जिला अस्पताल ले गई।

घायल की पहचान कुशीनगर जिले के कसया थाना क्षेत्र के साखोपार निवासी फागू चौहान के रूप में हुई है। फागू ने बताया कि वह दीपावली पर घर आया था। शुक्रवार शाम करीब 5:35 बजे बेंगलुरु जाने के लिए गोरखपुर से मुंबई जाने वाली कुशीनगर एक्सप्रेस के जनरल कोच में सवार हुआ।

सीट न मिलने कारण वह गेट के पास बैठ गया। गोरखनाथ ओवरब्रिज के नीचे ट्रेन पहुंची तो अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिरकर ट्रेन की चपेट में आ गया। पहियों से उसके दाएं पैर का पंजा कट गया। उसका बैग भी ट्रेन में ही छूट गया।

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तिवारीपुर पुलिस को सूचना दी। तिवारीपुर थाने के साथ जीआरपी की टीम भी मौके पर पहुंची। फागू ने बताया कि वह बेंगलुरू में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है। शाम को बेंगलुरु की ट्रेन न मिलने पर कुशीनगर एक्सप्रेस में सवार हो गया।



Source link

अभी अभी की खबरें