तुम गंदे वीडियो देखती हो…तुम्हारे मोबाइल की जांच में बहुत सारे लिंक मिले हैं…तुमको पकड़ने के लिए टीम भेज रहे हैं। अब जेल जाओगी। क्राइम ब्रांच से बोल रहे हैं। तुम्हारी करतूत घरवाले, रिश्तेदार और मोहल्ले वालों को पता चलेगी…कुछ इस तरह की धमकी देकर युवतियों, महिलाओं और छात्राओं से ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया। इन्होंने 23 से अधिक लोगों को शिकार बनाया है। पश्चिम जोन की साइबर सेल ने गुरुवार को गिरोह में शामिल आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से कई दस्तावेज बरामद हुए हैं।
डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर साइबर अपराधियों के सक्रिय होने का हॉट स्पॉट मिल रहा था। पश्चिम जोन की साइबर सेल और सचेंडी पुलिस को निर्देशित किया गया। एनसीआरपी ने कुछ संदिग्ध मोबाइल नंबरों की जानकारी दी थी जिसकी जांच कर गिरोह में शामिल आठ आरोपियों की गिरफ्तारी किया है। उनके पास से पांच मोबाइल फोन, चेक व पास बुक, डेबिट कार्ड व अन्य दस्तावेज मिले हैं।
