प्रतापगढ़ में एक युवक पर फायरिंग और मारपीट के मामले में दिलीपपुर पुलिस ने एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किए गए लकड़ी के दो फट्टे और 315 बोर का एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है।

.

पुलिस के मुताबिक, यह घटना 21 अगस्त को हुई थी। मो. सादाब पुत्र गुलहसन निवासी गोलापुर, थाना कंधई, प्रतापगढ़ में एक मुकदमे की पैरवी के लिए जा रहे थे। ग्राम गनईडीह के पास लाल रंग की स्विफ्ट कार में सवार कुछ आरोपियों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोक लिया।

आरोप है कि आरोपियों ने सादाब के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की नीयत से उन पर फायर किया। सादाब फायरिंग से बचने के लिए भागे, लेकिन गिर गए। इसके बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों और लकड़ी की पटरी से उन पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

इस मामले में दिलीपपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 189/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया था। रविवार को वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली।

सूचना के आधार पर पुलिस ने नवाब अली उर्फ फुल्लन पुत्र जमील निवासी यहियापुर, थाना दिलीपपुर को चौपई पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी नवाब अली उर्फ फुल्लन की उम्र लगभग 62 वर्ष है। पुलिस ने बताया कि उसके खिलाफ कंधई थाने में पहले भी हत्या के प्रयास सहित कई अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो लकड़ी की पटरी और एक 315 बोर का खोखा कारतूस बरामद किया है।

यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक विजय कांत सत्यार्थी के नेतृत्व में की गई। टीम में उपनिरीक्षक देवेंद्र कुमार पाठक, कांस्टेबल आशीष कुमार और रिजर्व कांस्टेबल अवनीश कुमार शामिल थे।



Source link