एयरपोर्ट कोतवाली क्षेत्र के गौसपुर कटहुला रोड स्थित ससुर खदेरी नदी पुल पर शनिवार सुबह पिकअप की चपेट में आने से बाइक सवार छात्र की मौत हो गई। वह परीक्षा देने गौसपुर कटहुला स्थित केपी कॉलेज जा रहा था। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग गया। जानकारी मिलते ही पहुंचे परिजन वाहन की बरामदगी की मांग पर अड़ गए। इसके चलते करीब पांच घंटे तक शव घटनास्थल पर पड़ा रहा। दोपहर करीब एक बजे परिजनों ने मोहनी चौराहे पर शव रखकर प्रयागराज-कौशाम्बी मार्ग जाम कर दिया।
गांजा गांव निवासी मान सिंह का बेटा नितेश सिंह (20) कादिलपुर स्थित बीबीएस महाविद्यालय में बीए प्रथम वर्ष का छात्र था। उसका परीक्षा केंद्र गौसपुर कटहुला गांव स्थित केपी कॉलेज में था। पिता के मुताबिक शनिवार सुबह नितेश बाइक से परीक्षा देने के लिए घर से निकला था। कुछ देर बाद राहगीरों ने उसे ससुर खदेरी नदी पुल के पास लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़े होने की सूचना दी।
परिजन मौके पर पहुंचे तो उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन समेत फरार हो गया था। परिजन वाहन की बरामदगी की मांग करते हुए शव उठाने का विरोध करने लगे। सूचना पर आई पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया, लेकिन परिजन नहीं माने। करीब पांच घंटे बाद परिजन शव लेकर मोहनी चौराहे पहुंचे और सड़क पर रखकर जाम लगा दिया।
चार बजे शांत हुआ जाम, एसीपी के आश्वासन पर माने लोग
चायल। हादसे में युवक की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। इससे मार्ग पर कई घंटे तक आवागमन बाधित रहा। सूचना मिलने पर एसीपी निकिता श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब चार बजे लोग शांत हुए और जाम समाप्त कराया गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जाम खुलने के बाद मार्ग पर आवागमन सामान्य हो सका।
वर्जन::
मृतक के पिता की तहरीर पर आरोपी चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है। मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
–निकिता श्रीवास्तव, एसीपी धूमनगंज

एयरपोर्ट के मोहिनी चौराहे पर चक्का जाम करते परिजन। संवाद
