{“_id”:”6af206e8c4f482b550063a3c”,”slug”:”huge-crowds-of-tourists-thronged-taj-mahal-on-diwali-in-agra-2026-11-09″,”type”:”story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”दिवाली पर ताज में उमड़ी भीड़: गेटों पर लगी लंबी कतार, पार्किंग भी हो गई फुल; 31 हजार से अधिक ने किया दीदार”,”category”:{“title”:”City & states”,”title_hn”:”शहर और राज्य”,”slug”:”city-and-states”}}

ताजमहल पर उमड़ी पर्यटकों की भीड़।
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
रोशनी और उमंग के पर्व दिवाली पर ताजनगरी में पर्यटकों का सैलाब उमड़ पड़ा। त्योहार के बाद की छुट्टी में लोग ताज के दीदार के लिए दोपहर बाद निकले तो पूर्वी और पश्चिमी गेट पर भारी भीड़ के कारण लंबी कतारें नजर आईं। पूरे दिन ताज परिसर खचाखच भरा नजर आया। दिवाली के दिन 31 हजार से अधिक देसी और विदेशी पर्यटकों ने ताजमहल का दीदार कर अपनी छुट्टियों को यादगार बनाया।
दिवाली के दूसरे दिन सोमवार सुबह की पहली किरण के साथ ही ताजमहल देखने वालों का तांता लगना शुरू हो गया था। स्मारक के पूर्वी और पश्चिमी, दोनों ही मुख्य प्रवेश द्वारों पर पर्यटकों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं। पश्चिमी गेट पर नीम तिराहा से ही पैदल निकलना मुश्किल भरा हो गया। सुरक्षा जांच और टिकट चेकिंग के लिए पर्यटकों को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा।
पार्किंग फुल, सड़कों के किनारे खड़े करने पड़े वाहन
दोपहर होते-होते पर्यटकों की संख्या में बढ़ने से ताजमहल पश्चिमी गेट पार्किंग दोपहर बाद पूरी तरह से फुल हो गई। पार्किंग में जगह न मिलने के कारण पर्यटकों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा। मजबूरन सैलानियों को अपने वाहन सड़क के किनारे ही खड़े करने पड़े और वहां से पैदल ही ताजमहल की ओर निकल पड़े।
ताजमहल पूर्वी गेट पर और बुरा हाल रहा। ताज पूर्वी गेट निवासी आयुष ने बताया कि यहां शिल्पग्राम में पार्किंग बंद होने के बाद धांधूपुरा में आई लव आगरा सेल्फी प्वाइंट के पास ले जाई गई है, वह दूर होने के कारण पर्यटक सड़क पर ही वाहनों को खड़ा करके ताज देखने निकल गए, जिससे पूर्वी गेट रोड पर गोल्फ कार्ट और बैटरी वाहनों का आवागमन मुश्किल हो गया।

