फतेहपुर। अवैध संबंधों के चलते महिला की हत्या कर साथियों की मदद से शव रेलवे ट्रैक पर फेंकने के मामले में कोर्ट ने तीनों आरोपियों को राहत देने से इन्कार कर दिया है। शनिवार को जमानत अर्जी पर सुनवाई के बाद अदालत ने तीनों आरोपियों की याचिका खारिज कर दी।
थरियांव थाना क्षेत्र के घासीपुर औरई गांव निवासी पुष्पा को गांव का शादीशुदा गंगासागर वर्ष 2024 में अपने साथ ले गया था। इसके बाद दोनों राधानगर थाना क्षेत्र के भिखनीपुर गांव में किराये के कमरे में रहने लगे। 22 जून 2026 को परिजनों की पुष्पा से बातचीत बंद हो गई।
काफी खोजबीन के बाद कुछ दिन बाद सदर कोतवाली क्षेत्र के बीबीपुर के पास रेलवे ट्रैक पर पुष्पा का क्षत-विक्षत शव मिला। पुलिस ने मामले में गंगासागर, उसके साथी लवलेश और असोथर थाना क्षेत्र के गेंडुरी गांव निवासी शिवनारायण के खिलाफ हत्या और शव छिपाने की प्राथमिकी दर्ज की थी।
पुलिस की जांच में सामने आया कि पुष्पा गंगासागर पर उसे अपने घर में साथ रखने का दबाव बना रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद गंगासागर ने साथियों की मदद से पुष्पा की हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के लिए शव रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। मामले में तीनों आरोपियों की ओर से दाखिल जमानत अर्जियों पर सुनवाई के बाद अदालत ने शनिवार को उन्हें खारिज कर दिया।

