हाथरसः उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सादाबाद क्षेत्र के गांव नगला तासी में दहेज में तय की गई बुलेट मोटरसाइकिल नहीं मिलने पर शादी समारोह में जमकर हंगामा हो गया. जयमाला की रस्म पूरी होने के बाद दूल्हे ने बुलेट मोटरसाइकिल की मांग कर दी. मांग पूरी नहीं होने पर दूल्हा इस कदर नाराज हो गया कि उसने अपनी होने वाली पत्नी और उसके पिता को थप्पड़ जड़ दिए. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस दूल्हे को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई. आखिरकार शादी की खुशियां विवाद में बदल गईं और बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई.

दहेज में बुलेट नहीं मिलने पर दूल्हे ने दुल्हन और उसके पिता को पीटा.

दुल्हन ने लगाए दूल्हे पर गंभीर आरोप
घटना के बाद दुल्हन अपने परिवार की महिलाओं के साथ कोतवाली पहुंची और वहां हंगामा किया. दुल्हन ने दूल्हे पर मारपीट के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म का प्रयास करने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए हैं. जानकारी के अनुसार, गांव नगला तासी निवासी एक युवती का विवाह 21 नवंबर को सामूहिक विवाह योजना के तहत मथुरा जिले के सुरीर क्षेत्र निवासी एक युवक के साथ हुआ था. दोनों परिवारों के बीच पहले से ही विवाह तय था. सामूहिक विवाह कार्यक्रम संपन्न होने के बाद दुल्हन के पिता ने दूल्हे पक्ष से गांव में बारात लेकर आने और इसके बाद ही बेटी की विदाई करने की बात कही थी.

बुलेट नहीं मिलने पर नाराज हो गया दूल्हा
तय कार्यक्रम के अनुसार, 22 नवंबर को दूल्हा धूमधाम से बारात लेकर गांव नगला तासी पहुंचा. लड़की पक्ष ने बारात का स्वागत किया. इसके बाद शादी की अन्य रस्में पूरी हुईं और जयमाला का कार्यक्रम भी संपन्न हो गया. इसी दौरान दुल्हन पक्ष का आरोप है कि दूल्हे ने अपने होने वाले ससुर से दहेज में तय की गई बुलेट मोटरसाइकिल की मांग कर दी. जब मोटरसाइकिल नहीं मिली तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. आरोप है कि देखते ही देखते दूल्हा आपा खो बैठा और उसने दुल्हन तथा उसके पिता को थप्पड़ मार दिए.

बिना दुल्हन के वापस लौटी बारात
इसके बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए. देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया. मौके पर मौजूद लोगों और परिवार के बुजुर्गों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने दूल्हे को हिरासत में ले लिया और कोतवाली ले आई. वहीं, दुल्हन पक्ष की ओर से लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद मामला और तूल पकड़ गया. दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोशिशें जारी रहीं, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकल सका. अंततः दुल्हन की विदाई नहीं हो सकी और बारात को खाली हाथ वापस लौटना पड़ा.



Source link

अभी अभी की खबरें