Firozabad: यूपी के फिरोजाबाद में नगर निगम बनने के बाद लोगों को उम्मीद थी कि शहर की सूरत बदलेगी, लेकिन आज भी शहर की हालत में कोई खास सुधार नजर नहीं आ रहा है. शहर में बने बड़े नाले हादसों का कारण बन रहे हैं. नालों के किनारे सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं, जिसके चलते आए दिन वाहन चालक इनमें गिरकर घायल हो रहे हैं. कभी बाइक सवार तो कभी कार चालक हादसे का शिकार हो रहे हैं. इसके बावजूद नगर निगम के अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं. शहर के जलेसर रोड स्थित एक पुलिया पर लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन सुरक्षा के लिए कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं. इस समस्या को लेकर लोकल 18 ने राहगीरों और स्थानीय लोगों से बातचीत की.
फिरोजाबाद में नालों की स्थिति जानने के लिए लोकल 18 की टीम मौके पर पहुंची और लोगों से बातचीत की. झील की पुलिया के पास नाले के किनारे कोई रेलिंग नहीं लगी मिली. वहां से ई-रिक्शा लेकर गुजर रहे एक व्यक्ति ने बताया कि यहां नगर निगम की ओर से कोई सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए हैं. नाले के किनारे लगी रेलिंग कई साल से टूटी हुई है. पुलिया पर अक्सर भीषण जाम लगता है. कई बार बाइक और कार सवार नाले में गिरकर घायल हो चुके हैं, लेकिन निगम के अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं देते हैं.
साफ-सफाई की हालत भी बेहद खराब
वहीं, एक अन्य व्यक्ति ने बताया कि नगर निगम भले ही शहर को स्मार्ट सिटी बनाने की बात कह रहा हो, लेकिन यहां साफ-सफाई की हालत भी बेहद खराब है. नालों में गंदगी का अंबार लगा हुआ है. बरसात के दौरान नालों का गंदा पानी घरों में घुस जाता है. अन्य स्थानीय लोगों ने बताया कि झील की पुलिया हादसों का केंद्र बन चुकी है. यहां आए दिन कोई न कोई व्यक्ति गिरकर घायल हो जाता है. जाम की समस्या भी बनी रहती है. लोगों के मुताबिक, यहां न तो कोई पुलिसकर्मी आता है और न ही नगर निगम के अधिकारी. इससे आम लोगों को काफी परेशानी होती है.
विज्ञापन
दुकानदारों को भी हो रही दिक्कतें
पुलिया के पास दुकान चलाने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि यह पुलिया हादसों के लिए जानी जाती है. यहां एक तरफ लोग नाले के किनारे से गुजरते हैं, तो दूसरी तरफ जलेसर रोड से वाहनों की आवाजाही होती है. इस वजह से अक्सर भीषण जाम लग जाता है. उन्होंने कहा कि अगर यहां जाम की समस्या दूर हो जाए, तो नाले में गिरने से होने वाले हादसों को रोका जा सकता है. इसके साथ ही नाले के किनारे मजबूत रेलिंग भी लगाई जानी चाहिए. जाम के कारण आसपास के दुकानदारों को भी काफी परेशानी होती है.
