Last Updated:
Government Schemes for Farmers: यदि आप किसान हैं और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित कृषि विभाग की अन्य जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ ले रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है. भारत सरकार ने एग्री स्टैक योजना के तहत अब फार्मर रजिस्ट्री को अनिवार्य कर दिया है.
जौनपुर: यदि आप किसान हैं और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित कृषि विभाग की अन्य जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ ले रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है. भारत सरकार ने एग्री स्टैक योजना के तहत अब फार्मर रजिस्ट्री को अनिवार्य कर दिया है. यदि आपने समय रहते यह प्रक्रिया पूरी नहीं कराई, तो भविष्य में आप सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हो सकते हैं. इस संबंध में उप परियोजना निदेशक (आत्मा) डॉ. रमेश चंद्र यादव ने किसानों के लिए एक बड़ी राहत और नई व्यवस्था की जानकारी साझा की है.
डॉ. रमेश चंद्र यादव ने बताया कि अक्सर देखा जाता है कि जमीन की खतौनी परिवार के मुखिया यानी पुरुष किसान के नाम पर होती है, लेकिन वे नौकरी, व्यापार या रोजी-रोटी के सिलसिले में दूसरे शहरों या प्रदेशों में रहते हैं. ऐसे में गांव में रहकर खेती संभालने वाले उनके परिजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. इसी समस्या को देखते हुए सरकार ने अब स्पाउज आईडी की शुरुआत की है.
कृषि योजनाओं का उठा सकेंगी सीधा लाभ
डॉ. रमेश चंद्र यादव ने बताया कि जिन किसानों के नाम जमीन है और उनकी पत्नी के नाम कोई जमीन नहीं है, अब उन पत्नियों की फार्मर आईडी भी उनके पति की आईडी से लिंक करके बनाई जाएगी. उन्हें एक अलग यूनिक आईडी मिलेगी, जिसके माध्यम से वे खाद (फर्टिलाइजर), बीज, कीटनाशक और अन्य कृषि योजनाओं का सीधा लाभ उठा सकेंगी. उन्होंने बताया कि देश में कृषि और पशुपालन से जुड़े 60 फीसदी से अधिक कार्य महिलाएं करती हैं, लेकिन उन्हें अलग पहचान नहीं मिल पाती थी. इस पहल से महिला किसानों को नई पहचान मिलेगी और वे सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ उठा सकेंगी.
बटाईदार किसानों की भी फार्मर आईडी
उन्होंने बताया कि यदि कोई किसान दूसरे शहर या प्रदेश में रहता है और उसने अपनी जमीन किसी बटाईदार को खेती के लिए दी है, तो अब उन बटाईदार किसानों की भी फार्मर आईडी बनाई जा रही है. हालांकि, बटाईदार किसानों की आईडी केवल कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से ही बनवाई जा सकेगी. डॉ. रमेश चंद्र यादव ने बताया कि स्पाउज आईडी बनवाने की प्रक्रिया बेहद आसान है. इसे सीएससी सेंटर, कृषि विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारियों की मदद से या स्वयं भी बनवाया जा सकता है. इसके लिए पति की फार्मर आईडी, पत्नी का आधार कार्ड और मोबाइल नंबर की आवश्यकता होगी.
कैसे होगा पंजीकरण?
सबसे पहले महिला की ई-केवाईसी (e-KYC) की जाएगी. इसके बाद पति की फार्मर आईडी दर्ज करने पर पत्नी के नाम का लिंक दिखाई देगा. पत्नी द्वारा ई-साइन (e-Sign) करने के बाद सत्यापन का विकल्प सीधे पति के मोबाइल पर जाएगा. पति द्वारा सत्यापन करते ही आईडी तैयार हो जाएगी. इसके बाद इसे डाउनलोड करके सरकारी योजनाओं का लाभ लिया जा सकता है. उन्होंने जनपद के सभी किसानों, विशेषकर दूसरे शहरों या प्रदेशों में रहने वाले किसानों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपनी पत्नियों की फार्मर आईडी बनवा लें, ताकि वे किसी भी सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहें.
