Body of an 11th-grade student found hanging in Chhota Baghada; police investigating.

छात्र की मौत।
– फोटो : Social media

विस्तार

प्रयागराज। छोटा बघाड़ा स्थित एक मकान में बृहस्पतिवार को राजकीय इंटर कॉलेज के 11वीं के छात्र कमलकांत गौतम (16) का शव मिला। वह मूल रूप से मिर्जापुर के लालगंज तहसील स्थित ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के पटेहरा गांव का रहने वाला था। कर्नलगंज पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही जांच के लिए उसका मोबाइल और लैपटॉप कब्जे में लिया है।


कमलकांत छोटा बघाड़ा में अपने चाचा राजेश कुमार के घर के बगल किराए के मकान में रहता था। चाचा जौनपुर के मीरगंज थाने में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं। उनकी पत्नी फूलन देवी अपने तीन बच्चों के साथ यहां रहती हैं।

मृतक के पिता रामबख्श गौतम गांव में खेती करते हैं। उन्होंने बताया कि कमलकांत ने करीब ढाई साल पहले प्रयागराज के राजकीय इंटर कॉलेज में नौवीं कक्षा में प्रवेश लिया था। बुधवार रात करीब नौ बजे खाना खाने के बाद वह कुछ देर चचेरे भाई-बहनों के साथ खेलने के बाद अपने कमरे में पढ़ाई करने चला गया था।

पिता के मुताबिक, मकान मालिक रात करीब एक बजे शादी समारोह से लौटे तो कमलकांत कमरे में पढ़ाई कर रहा था। कॉलेज में इंटरमीडिएट की कक्षाएं दोपहर 12 बजे से शुरू होती हैं, इसलिए वह देर रात तक पढ़ता था और सुबह देर से उठता था।

बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे चाची फूलन देवी ने नाश्ते के लिए उसका दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद मकान मालिक को सूचना दी गई। पुलिस को भी बुलाया गया। मौके पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच की। बाद में परिजनों की मौजूदगी में कमरे को खुलवाया गया। दोपहर करीब एक बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक के पिता रामबख्श गौतम और मां श्यामा देवी समेत अन्य परिजन मिर्जापुर से पहुंचे, जबकि चाचा राजेश कुमार जौनपुर से आए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



Source link

अभी अभी की खबरें